भोपाल
हजारों मजदूरों के लिए यह खुशी की खबर है कि भेल क्षेत्र के सोनागिरी स्थित बीमा अस्पताल अब श्रम एवं रोजगार मंत्रालय भारत सरकार के कर्मचारी राज्य बीमा निगम को हस्तांतरित कर दिया गया है। अब यह एक मात्र मॉडल अस्पताल के रूप में तैयार होगा। सभी सुविधाएं इस अस्पताल में मौजूद हैं। सिर्फ स्पेशलिस्ट डॉक्टर और अत्याधुनिक मशीनों की जरूरत हैं। वह भी केंद्र सरकार को हस्तांतरित होने के बाद मिलना शुरू हो जाएगी। यह आदेश मप्र शासन श्रम विभाग ने जारी कर दिए है।
आदेश में कहा गया है कि केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री और मुख्यमंत्री द्वारा गोविंदपुरा आईटीआई में आयोजित एक कार्यक्रम में की गई घोषणा के पालन में मप्र शासन की प्रशासकीय अनुमोदन के अनुसार कर्मचारी राज्य सेवाएं मप्र इंदौर द्वारा संचालित सोनागिरी भोपाल स्थित इस अस्पताल को राज्य कर्मचारी बीमा निगम श्रम एवं रोजगार मंत्रालय भारत सरकार को हस्तांतरित करने का फैसला ले लिया है।
अभी तक यह अस्पताल मध्यप्रदेश सरकार के श्रम विभाग के कर्मचारी राज्य बीमा निगम द्वारा संचालित किया जा रहा था। गौरतलब है कि प्रदेश में इस तरह का एकमात्र मॉडल अस्पताल सिर्फ इंदौर में हैं जिसे भारत सरकार संचालित कर रही है। इस आदेश के बाद भोपाल एवं मंडीदीप के करीब 3.75 लाख बीमित श्रमिकों को लाभ मिलेगा। इनके परिवार को जोड़ा जाए तो लाभ पाने वालों की संख्या करीब 15 लाख होगी।
इनका कहना है –
इस हस्तांतरण आदेश के बाद गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र के श्रमिकों में हर्ष की लहर व्याप्त है। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री भूपेंद्र यादव, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं प्रदेश सरकार के श्रम मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह का आभार व्यक्त किया।
कृष्णा गौर, विधायक, गोविंदपुरा विधानसभा
