मोंग कोक (हॉन्ग कॉन्ग),
क्रिकेट प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है. WTC फाइनल में भारतीय पुरुष टीम जहां हार गई थी. वहीं एशियन क्रिकेट काउंसिल वूमन इमरर्जिंग टीम्स कप के फाइनल मुकाबले में भारत की बेटियों ने बांग्लादेश को पटखनी दी है. इस फाइनल मुकाबले को जीतकर भारत की बेटियां चैम्पियन बन गई हैं.
इंडिया ए महिला टीम ने पहले खेलते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 127/7 रन बनाए थे. जवाब में खेलने उतरी बांग्लादेश ए महिला टीम 19.2 ओवर में महज 96 रन ही बना सकी. इस तरह टीम इंडिया ने 31 रनों से जीत दर्ज की. यह फाइनल मुकाबला हॉन्ग कॉन्ग के मिशन रोड ग्राउंड में मौजूद मोंग कोक में खेला गया.
दिनेश वृंदा और कनिका आहूजा बल्ले से चमकीं
इंडिया ए महिला टीम ने ने पहले खेलते हुए दिनेश वृंदा के 36, और कनिका आहूजा के 30 रनों की बदौलत निर्धारित 20 ओवरों में 127 रनों का स्कोर खड़ा किया था. कप्तान श्वेता सेहरावत (13) और विकेटकीपर बैटर यू चेत्री (22) ने सधी हुई शुरुआत की. दोनों ने 5.4 ओवर में 28 रन जोड़े थे. इसके बाद इंडिया ए महिला टीम की बैटर्स ने टुकड़ों में अच्छी पार्टनरशिप की. बांग्लादेश ए महिला टीम की ओर से नाहिदा अख्तर और सुल्ताना खातून ने 2-2 विकेट लिए. वहीं राबिया खान और संजीदा अख्तर मेघला को 1-1 सफलता मिली.
बांग्लादेश की कमर श्रेयंका ने तोड़ी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश ए महिला टीम पूरे 20 ओवर्स भी नहीं खेल पाई. भारतीय टीम की ओर से जीत की नायिका श्रेयंका पाटिल रहीं. उन्होंने एक ही ओवर में 2 विकेट लेकर बांग्लादेश की टीम की कमर तोड़ दी. श्रेयंका ने निर्धारित 4 ओवर्स में 13 रन देकर 4 विकेट झटके. मन्नत कश्यप ने भी कमाल की गेंदबाज की और 4 ओवर्स में 20 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए.
