10.7 C
London
Tuesday, April 28, 2026
Homeराष्ट्रीयसड़क के गड्ढे में डूबकर मर गया ऑटो ड्राइवर! देश की राजधानी...

सड़क के गड्ढे में डूबकर मर गया ऑटो ड्राइवर! देश की राजधानी के लिए शर्मनाक है ये

Published on

नई दिल्ली

25 जून 2023। देश की राजधानी दिल्ली। देश का सबसे आधुनिक वर्ल्ड क्लास नई दिल्ली रेलवे स्टेशन। ट्रेन पकड़ने के लिए आई साक्षी आहुजा नाम की महिला की स्टेशन के बाहर करंट लगने से मौत हो गई। बारिश की वजह से जमा पानी में बिजली का करंट उतर चुका था। उस हादसे को बीते अभी एक हफ्ते भी नहीं हुए कि नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के हर्ष विहार में सड़क के गड्ढे में डूबकर ऑटो ड्राइवर की मौत हो गई। देश की राजधानी के लिए ये शर्म की बात है। इंसानी जान की जैसे कोई कीमत ही नहीं। वैसे, इसी राजधानी में 6 साल पहले कूड़े में दबकर 2 लोगों की मौत हो चुकी है। गाजीपुर में कूड़े के पहाड़ का हिस्सा सड़क पर आ गिरा था। मलबे में कई लोग फंस गए थे। बात हालिया शर्मनाक हादसे की करते हैं। ऑटो चलाने वाले 51 साल के अजीत शर्मा को क्या पता था कि राजधानी दिल्ली की सड़क ही एक दिन उन्हें निगल जाएगी।

दिल्ली के नंद नगरी के रहने वाले अजीत शर्मा रोज की तरह अपना ऑटो लेकर निकले थे। शुक्रवार को हर्ष विहार में उनका ऑटो कथित तौर पर सड़क में बने गड्ढे में गिर गया जिससे उनकी मौत हो गई। हादसा पुलिस स्टेशन के पास हुआ।

शुक्रवार को दोपहर साढे़ तीन बजे पुलिस को पीसीआर कॉल आई कि हर्ष विहार में वजीराबाद मेन रोड पर एक शख्स सड़क पर जमा बारिश के पानी में डूब गया। एक सीनियर पुलिस अफसर ने हमारे सहयोगी TOI को बताया, ‘उसका ऑटोरिक्शा गड्ढे में फंसा हुआ था। उसके शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं था। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जीटीबी अस्पताल भेजा गया है।’

अफसर ने आगे बताया, ‘गड्ढे को निर्माणाधीन फ्लाइओवर के नजदीक खोदा गया था ताकि उसमें लोहे का पिलर लगाया जा सके। बारिश के पानी से गड्ढा ढंक गया था। ऐसा लग रहा है कि ड्राइवर को गड्ढे की गहराई का अंदाजा नहीं था और दुर्घटनावश वह उसमें डूब गया।’ वैसे भी ये कैसे अंदाजा लगेगा कि सड़क पर जो पानी लगा है उसके पीछे गड्ढा है या फिर मौत का कुआं, जिसे खुला छोड़कर रखा गया है।लोक निर्माण विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक, वे फील्ड यूनिट के जरिए घटना के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं।

एक झटके में एक बेटी और 4 बेटों के सिर से पिता का साया उठ गया। पत्नी का सुहाग उजड़ गया। एक अधिकारी ने बताया कि शर्मा ने गुरुवार की रात को अपने परिवार से फोन पर बातचीत की थी। ये हादसा शायद उसी के बाद हुआ।

एक अफसर ने बताया, ‘गड्ढा इतना बड़ा और गहरा था कि उसमें एक ऑटो आसानी से समा सकता है। ऐसा लग रहा है कि ड्राइवर ने ये सोचा होगा कि गड्ढा छोटा है और वह उसके ऊपर से ऑटो लेकर निकल जाएंगे। इसलिए उन्होंने ऑटो आगे बढ़ाई होगी। हादसा शायद गुरुवार को देर रात हुआ था। ऐसे में कई लोग उस जगह से गुजरे भी होंगे।’पुलिस यह भी जांच रही है कि उस जगह पर लाइटिंग की व्यवस्था में गड़बड़ी तो नहीं थी।

पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को जब एक शख्स वहां से गुजर रहा था तब उसने देखा कि एक ऑटोरिक्शा सड़क के गड्ढे में गिरा हुआ है। पास जाने पर उसे पानी में किसी शख्स का शव तैरता दिखा। उसने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।

डीसीपी (नॉर्थ-ईस्ट) जॉय तिर्की ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत की वजह स्पष्ट हो जाएगी जिसके बाद पुलिस इस मामले में एफआईआर दर्ज करेगी। उन्होंने बताया कि मौके पर पीडब्लूडी का कंस्ट्रक्शन वर्क चल रहा था। आस-पास के सीटीटीवी कैमरों के फुटेज के जरिए पता चलेगा कि असल में कैसे क्या हुआ था।

पुलिसवालों का कहना है कि शर्मा रात में अक्सर अपने ऑटोरिक्शा में ही सो जाया करते थे। इस तरह वह कई-कई दिनों बाद घर लौटते थे। पुलिस अब संबंधित एजेंसियों को नोटिस भेजेगी और उन्हें जांच में शामिल होने के लिए कहेगी।

Latest articles

विधानसभा में 33% महिला आरक्षण का संकल्प पारित: CM बोले-कांग्रेस ने बहनों की क्षमता-आकांक्षाओं की पीठ में खंजर घोंपा

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा के विशेष एक दिवसीय सत्र में सोमवार को ‘नारी शक्ति वंदन’...

मनरेगा ई-केवाईसी में छत्तीसगढ़ देश में अव्वल: 97.11% लक्ष्य पूरा कर रचा इतिहास, बड़े राज्यों को भी पछाड़ा

  रायपुर। छत्तीसगढ़ ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के क्रियान्वयन में...

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्यपाल थावरचंद गहलोत से की शिष्टाचार भेंट, विकास और जनहित के मुद्दों पर हुई चर्चा

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने बेंगलुरु प्रवास के दौरान कर्नाटक के...

More like this

बंगाल चुनाव में ‘बंपर वोटिंग’, आज़ादी के बाद बना नया रिकॉर्ड, पहले चरण में 93% मतदान

तमिलनाडु के इतिहास में अब तक की सबसे ज़्यादा 85% वोटिंग कोलकाता। पश्चिम बंगाल और...

पहलगाम हमले की बरसी: PM मोदी ने जान गंवाने वाले निर्दोषों को याद किया, कहा- आतंक के आगे भारत कभी नहीं झुकेगा

नई दिल्ली। पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भावुक...

महिला आरक्षण बिल पास नहीं हुआ, PM बोले- माफी मांगता हूं

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राष्ट्र को संबोधित किया। इस दौरान पीएम...