नई दिल्ली
मॉनसून के आने के साथ देशभर के राज्यों में बारिश की झमाझम जारी है. कुछ कम कुछ अधिक बारिश के साथ बादल लगभग मेहरबान ही हैं, हालांकि भारी बारिश के कारण की स्थानों पर जनहानि भी हो रही रही है. इसे लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने गुजरात के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. इसके साथ ही उत्तराखंड के लिए ऑरेंज और मुंबई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. दिल्ली में भी अगले तीन-चार दिनों तक बारिश की संभावना है, वहीं दिल्ली में पांच जुलाई को भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है.
दिल्ली में भी पांच जुलाई को भारी बारिश का अनुमान
बता दें, मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के कोंकड़ में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. कोंकड़ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इसके साथ ही उत्तराखंड में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. यहां के कई जिलों में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा गुजरात में शनिवार को भी 23 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई है. इसीलिए मौसम विभाग ने गुजरात के कई हिस्सों में रेड अलर्ट जारी किया है. विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में एक फ्रेश सर्ज हो रहा है जिसके कारण दिल्ली में आगे के दिनों में तीन-चार दिन लगातार बारिश होगी और 5 जुलाई को भारी बारिश होने का अनुमान जताया गया है.
48 घंटों में 11 लोगों की मौत
उधर, गुजरात में बारिश अब जानलेवा भी साबित हो रही है. पिछले लगातार 48 घंटो से गुजरात के अलग अलग ज़िलों में हो रही भारी बारिश की वजह से 11 लोगों की मौत हो गई है. आंकड़ों के मुताबिक, अकेले जामनगर जिले में ही 6 लोगों की मौत हो गई है. गुजरात में मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए जूनागढ़, जामनगर, दक्षिण गुजरात के नवसारी, वलसाड और सूरत में भारी बारिश की चेतावनी दी है.
दो नागरिकों को बचाया गया
वायु सेना की एक टीम ने जूनागढ़ जिले के केशोद तालुका के सुत्रेज गांव में भारी बारिश के कारण बाढ़ में फंसे दो नागरिकों को बचाया और उन्हें सुरक्षित जामनगर पहुंचा दिया. दोनों निवासी पिछले आठ घंटे से बिजली के खंभे से चिपके हुए थे. दोनों नागरिकों को मेडिकल चेकअप के लिए जामनगर एयरफोर्स बेस ले जाया गया है.
दिल्ली से सटे बाकी राज्यों का हाल भी जान लीजिए
दिल्ली के आसपास के राज्यों की बात करें तो जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगिट बालटिस्तान में अगले 5 दिन तक मौसम साफ रहेगा। हिमाचल प्रदेश की बात करें तो यहां 2 से 5 जुलाई तक बारिश से राहत की उम्मीद है। इससे उलट उत्तराखंड में अगले 5 दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट के साथ येलो अलर्ट भी जारी किया है। इस दौरान भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पंजाब, हरियाणा में भी मौसम सामान्य रहने का अनुमा है। पश्चिम उत्तर प्रेदश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी इस बीच एक दो दिन भारी बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है। राजस्थान में भी कमोबेश ऐसी ही स्थिति रहने वाली है।
देश के इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने बताया कि गुजरात, केरल और दक्षिणी कर्नाटक के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, तमिलनाडु में 3 और 4 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। बाकी राज्यों की बात करें तो पश्चिम बंगाल, ,सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में 5 दिन तक भारी बारिश के आसार हैं। बिहार में भी अभी बारिश से राहत नहीं मिलने वाली। बिहार में 1 से 3 जून तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं झारखंड में 3 जुलाई, ओडिशा में 3 से 5 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
