सराय रोहिल्ला
सराय रोहिल्ला इलाके में बुधवार देर शाम को एक महिला की हत्या कर दी गई। महिला की पहचान 55 वर्षीय पूनम के तौर पर हुई है। डीसीपी सागर सिंह कलसी के मुताबिक, शुरुआती तफ्तीश के आधार पर हत्या का शक और आरोप अंकित नाम के एक शख्स पर है। बताया जा रहा है कि आरोपी अंकित महिला की बेटी का एक्स फ्रेंड है।
डीसीपी सागर सिंह कलसी ने बताया कि बुधवार शाम 4:02 बजे सराय रोहिल्ला के शास्त्री नगर से एक पीसीआर कॉल मिली थी। उसमें बताया गया था कि पड़ोस में महिला की बाथरूम में फिसलकर मौत हो गई है। मगर पुलिस ने मौका ए वारदात का मुआयना किया, वहां का सीन कुछ और ही था। महिला के सिर पर गोली लगी थी। महिला की पहचान पूनम (55) के तौर पर हुई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सराय रोहिल्ला पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमॉर्टम के बाद गुरुवार को परिजनों को सौंप दिया गया है। पूनम परिवार के साथ तीन मंजिला मकान के सेकंड फ्लोर पर रहती थीं। पति का नाम जयप्रकाश है। शुरुआती जांच के आधार पर हत्या का शक और आरोप अंकित नाम के शख्स पर है। जांच टीम से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, आरोपी अंकित कौशिक शाहदरा में रहता है। वह मृतक महिला पूनम की बेटी का दोस्त रह चुका है। बाद में दोनों की दोस्ती टूट गई। परिवार भी अंकित का विरोध करता था। बताया जा रहा है कि इसे लेकर कई बार आरोपी और पूनम के बीच कहासुनी हुई थी।
‘तुझे मारने आया था, तेरी मां को मार दिया है’
डीसीपी सागर सिंह कलसी के मुताबिक, मृतक महिला पूनम की तीन बेटियां हैं। दो बड़ी बेटियां सीए हैं। जबकि सबसे छोटी बेटी पढ़ाई कर रही है। पति जय प्रकाश चांदनी चौक की एक फर्म का काम देखते हैं। अंकित भी चांदनी चौक में साड़ियों की शॉप पर काम करता है। अभी तक की हमारी जांच में पता चला कि दूसरे नंबर की बेटी से अंकित की दोस्ती थी। दोनों में रिश्ते बिगड़े तो बुधवार को अंकित अपने दिए हुए कुछ सामान लेने पहुंचा। घर पर उस समय पूनम अकेली थीं। आरोप है कि विवाद के बाद उसने पूनम के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस अफसर के मुताबिक, मौके पर पुलिस को कट्टा और 19 जिंदा कारतूस मिले। हमें यह भी पता चला है कि अंकित ने पूनम की दूसरे नंबर की बेटी को इस दौरान कॉल भी किया था। कहा था कि आया तो तुझे मारने था, मगर तेरी मां को मार दिया है। यह सुनकर कुछ देर बाद पूनम की बेटी घर पहुंची। आरोपी को पकड़ने के लिए कई टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
