भोपाल
बीएचईएल,भोपाल के देवी अहिल्या बाई सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम में शनिवार को बीके सिंह महाप्रबंधक ने इंडियन इंस्ट्टीयूट ऑफ होटल मेनेजमेंट भोपाल के सहयोग से आयोजित छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर विनोदानंद झा, अपर महाप्रबंधक एवं योगेन्द्र सिंह,उपप्रबंधक भी मौजूद थे।
श्री सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि अतिथि गृह एवं खान पान सेवा एक अतिमहत्वपूर्ण सेवा है क्योंकि हमारे सभी ग्राहक तथा विशिष्ट अतिथि सबसे पहले अतिथि गृह में ही ठहरते हैं। अत: यहां कार्यरत प्रत्येक व्यक्ति कंपनी के ब्रांड एम्बेसडर के रूप में कार्य करता है और कंपनी के इमेज बिल्डिंग में इस विभाग की भूमिका अतिविशिष्ट है।
उन्होंने रिसेप्शन तथा केटरिंग कार्य से जुड़े लोगों से कहा कि वे अपना कार्य गौरव की भावना से करें क्योकि बीएचईएल जैसी कंपनी के छवि निर्माण में वे सीधे सभी ग्राहकों और विशिष्ट अतिथियों से जुड़े हैं। कार्यक्रम में नर्मदा अतिथि गृह, क्षितिज अतिथि गृह तथा कारखाने के केन्टीन विभाग के कर्मचारी उपस्थित थे। श्री झा ने अतिथि गृह में हाल ही में आयोजित कई अखिल भारतीय स्तर के कार्यक्रमों के सफल आयोजन हेतु अतिथि गृह के कर्मचारियों की सराहना की और उन्हें निरंतर सीखते रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में योगेन्द्र सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
