– सरकार के एमएसएमई व एसोसिएशन ने भारी वाहनों के लिए किया पार्किंग का निर्माण, 6 एकड़ में बना है भारी वाहन पार्किंग
भोपाल।
मध्यप्रदेश सरकार के उद्योग विभाग की 6 एकड़ जमीन पर एमएसएमई विभाग और गोविंदपुरा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रयासों के बाद गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र में करीब एक हजार उद्योगों में आने जाने वाले भारी वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था की गई लेकिन कुछ उद्योगपतियों द्वारा पांच करोड़ के इस पार्किंग स्थल पर कब्जा कर लिया। यही नहीं अन्य उद्योगपति ताकते रह गए और महज तीन उद्योगपती अपने निजी भारी वाहनों के अलावा फैक्ट्री के अन्य काम भी कर रहे है।
इसको लेकर उद्योगपतियों ने शिकायत तक दर्ज कराई है। यहां तक कि संबंधित कब्जा करनेवाले उद्योगपतियों से मौखिक प्रार्थना भी की है लेकिन अपने पॉवर के चलते वह किसी की सुनने ही तैयार नहीं है मामला काफी तूल पकड़ता जा रहा है। यदि सरकार ने इस ओर जल्द ही ध्यान नहीं दिया तो बड़़ी कार्रवाई के लिए अन्य उद्योगपति मजबूर होंगे।
गोविंदपुरा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय गौड़ ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में मध्यप्रदेश शासन के एम.एस.एम.ई विभाग एवं एसोसिएशन के प्रयास से औद्योगिक क्षेत्र सेक्टर- ॥ में भारी वाहनों को सुव्यवस्थित करने हेतु पार्किंग का निर्माण किया गया है, जिसकी लागत लगभग 5 करोड़ है और यह पार्किंग 6 एकड़ भूमि पर बनाई गई है। पूर्व में इस भूमि पर अतिक्रमण था जिसे एसोसिएशन के प्रयास एवं शासन के सहयोग अतिक्रमण मुक्त कराया गया था।
वर्तमान में अक्षय इंडस्ट्रीज, अफलाटूस इंजीनियरिंग और गरीमा इंडस्ट्रीज द्वारा अवैध रूप से वाहनों को खड़ा कर फेब्रिकेशन का कार्य किया जा रहा है, इस पार्किंग पर अवैध कब्जा कर लिया है। कई बार बार एसोसिएशन के समझाने के बाद भी वाहन वही पर खड़े हुए हैं। इन इकाईयों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है एवं सरकारी विभाग भी कोई कार्यवाही नहीं कर रहे हैं, इन इकाईयों द्वारा पूरी पार्किंग पर अवैध कब्जा किया हुआ है, जिससे क्षेत्र के वाहन अस्त व्यस्त रूप से कहीं भी खड़े करने पर मजबूर है।
इनका कहना है-
इस मामले को लेकर जिला उद्योग केंद्र ने संबंधित फैक्ट्री संचालकों को कई बार नोटिस दिया है। इन लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा है। नोटिस देने के बाद भी इस पार्किंग स्थल को खाली नहीं कर रहे हैं। इस मामले को संज्ञान में लाने के लिए कलेक्टर से मुलाकात की जाएगी।
विजय गौड़, अध्यक्ष गोविंदपुरा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन
