मीरपुर (बांग्लादेश),
भारत-बांग्लादेश बीच ICC वूमेन्स चैम्पियनशिप के तहत हो रही सीरीज के आखिरी मैच में खूब ड्रामा देखने को मिला. मैच आखिरी ओवर में जाकर फंस गया, जहां जाकर यह मैच टाई रहा. इससे पहले दोनों ही टीमें एक-एक मैच जीतकर सीरीज में बराबरी पर थीं.बांग्लादेश ने पहले खेलते हुए 225/4 का स्कोर खड़ा किया. जवाब में टीम इंडिया 49.3 ओवर्स में 225 रनों पर आउट हो गईं. इस तरह टीम इंडिया महज 1 रन से जीत से चूक गई.
पिछले मैच में शानदार खेलने वाली जेमिमा रोड्रिग्स 33 रनों पर नाबाद रही. एक समय टीम इंडिया का स्कोर 216/6 था. इसके बाद टीम के लगातार 4 विकेट गिर गए और मैच टाई रहा. भारतीय टीम की ओर से हरलीन कौर ने 77 और स्मृति मंधाना ने 59 रन बनाए. बांग्लादेश की ओर से नाहिदा अख्तर ने तीन विकेट लिए, वहीं अंत में उन्होंने 2 विकेट लेकर मैच को भारत के जबड़े से जीत छीनी.
आखिरी ओवर में भारत को जीत के लिए महज 3 रनों की जरूरत थी. पर टीम इंडिया 3 गेंद पहले ही लुढ़क गई. वहीं बांग्लादेश ने पहले खेलते हुए फरगाना हक ने शतकीय पारी (107) खेली, जो किसी भी बांग्लादेश की महिला क्रिकेटर का पहला शतक था.
फरगाना ने बनाया रिकॉर्ड, शमीमा का मिला साथ
फरगाना हक महिला वनडे में 1000 से अधिक रन बनाने वाली एकमात्र बांग्लादेशी बल्लेबाज हैं. शनिवार को मीरपुर में भारत के खिलाफ सीरीज के निर्णायक अंतिम एकदिवसीय मैच में बांग्लादेश को 4 विकेट पर 225 रन बनाने में मदद करने वाली पहली शतकवीर भी बन गई. इसके साथ ही बांग्लादेश ने वनडे में दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर भी बनाया.
फरगाना को शमीमा सुल्ताना के शानदार अर्धशतक (52) से मदद मिली, जो वनडे में उनका दूसरा अर्धशतक था. बांग्लादेश की बैटर्स ने भारतीय गेंदबाजों के लिए चुनौती पेश की. सीरीज में पहली बार, पहले पावरप्ले में कोई विकेट नहीं गिरा. दरअसल, शमीमा और फरगाना ने भारतीय गेंदबाजों को रोके रखा था. बाद में बांग्लादेश की कप्तान निगार सुल्ताना (24) और शोभना मोस्त्रे (22) तेजतर्रार पारियां खेलीं. नतीजतन बांग्लादेश ने 225 रनों का स्कोर खड़ा किया. बांग्लादेश ने कभी भी वो वनडे मैच नहीं हारा है, जब उसने पहले बल्लेबाजी करते हुए 200 से अधिक का स्कोर बनाया हो.
