गुरुग्राम
हरियाणा सरकार नूंह हिंसा के बाद जबरदस्त बुलडोजर एक्शन में है। राज्य के गृह मंत्री अनिल विज भी कह चुके हैं कि बुलडोजर अपराधियों के लिए इलाज का हिस्सा है। मंत्री के इस बयान के ठीक अगले दिन ही नूंह में करीब 46 पक्के इमारत और दुकानें ढहा दी गईं। इनमें मेडिकल स्टोर से लेकर मोबाइल रिपेयर शॉप और अन्य प्रतिष्ठान शामिल थे। नूंह में चौथे दिन हुए बुलडोजर एक्शन में होटल सहारा को ध्वस्त कर दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक हिंसा के दौरान होटल की छत से भी पत्थर फेंके गए थे। इसके अलावा 39 झोपड़ियों पर ही अतिक्रमण की कार्रवाई की गई। सरकार ने बीती 31 जुलाई को गुड़गांव और दक्षिण हरियाणा के अन्य हिस्सों हुई हिंसा के बाद पूरी तरह से अपराध के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है, जिससे कि अपराधियों में एक संदेश जा सके।
लगातार जारी है बुलडोजर एक्शन
सरकार की ओर से लगातार बुलडोजर एक्शन चालू है। शनिवार को इसका तीसरा दिन था, जिसकी शुरुआत गुरुवार दोपहर को टौरू स्थित झुग्गी बस्ती में 150 झोपड़ियों के साथ शुरू हुआ, यहां सालों से प्रवासी परिवार रह रहे थे । शुक्रवार को नलहड़ में पांच मकानों पर भी बुलडोजर एक्शन देखने को मिला। हालांकि इसके पीछे आधिकारिक कारण सरकारी भूमि का अतिक्रमण बताय गया। लेकिन नूंह में अधिकारियों ने कहा कि उनके पास 31 जुलाई को हिंसा में इन संपत्तियों के मालिकों की संलिप्तता के बारे में जानकारी लगी। टौरू झुग्गीवासी ज्यादातर कचरा बीनने वाले, विध्वंस के बाद बेघर हो गए, जिन्होंने शुक्रवार को दंगों में अपनी संलिप्तता से इनकार किया था।
इंटरनेट पर बढ़ा बैन
हरियाणा सरकार की ओर से अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) टीवीएसएन प्रसाद की ओर से आदेश जारी किया गया, जिसमें कहा गया कि मोबाइल और डोंगल इंटरनेट के साथ ही बल्क मैसेजिंग के निलंबन को 8 अगस्त तक बढ़ा दिया गया। आदेश में कहा गया कि नूंह में स्थिति ‘गंभीर और तनावपूर्ण’ बनी हुई है। शुक्रवार दोपहर और शनिवार की सुबह के बीच ज्यादातक बुलडोजर एक्शन नल्हार में हुआ। दरअसल यह उन क्षेत्रों में से मुख्य है, जहां बीती 31 जुलाई को हिंसा हुई थी। अब तक पुलिस ने नूंह हिंसा से संबंधित 56 एफआईआर दर्ज कर जिले के 145 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।
