भोपाल
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव होने में अब कुछ महीनों का ही समय बचा है। इधर एमपी विधानसभा चुनाव 2023 को लेकर राज्य का दो प्रमुख पार्टियों कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने तैयारियां शुरू कर दी है। इसी क्रम में कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर बड़ा दांव खेला है। कांग्रेस ने दिग्विजय सिंह को बीजेपी के लिए सुरक्षित मानी जाने वाली 66 विधानसभा सीटों का प्रभार सौंपा है। दिग्विजय सिंह पर इन सीटों को जीतने के लिए रणनीति बनाने की भी जिम्मेदारी होगी। इन 66 सीटो में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की विधानसभा सीट बुधनी और कई मंत्रियों के निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं।
दिग्विजय की रणनीति में ये प्लान शामिल
सूत्रों ने कहा कि दिग्विजय सिंह ने इन सभी निर्वाचन क्षेत्रों का दौरा किया है। उन्होंने स्थानीय पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ उनकी आशंकाओं और शिकायतों को सुनकर बातचीत की है। पार्टी नेताओं ने कहा कि दिग्विजय सिंह की रणनीति में जनता तक पहुंच बढ़ाना, समाज के सभी वर्गों के साथ बातचीत करना, पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करना, स्थानीय जरूरत के अनुसार जरूरी समायोजन करना और बीजेपी के खिलाफ सकारात्मक रहना चुनाव लड़ना शामिल है। बता दें, दिग्विजय सिंह को राहुल गांधी का करीबी माना जाता है।
66 सीटों में शिवराज के कई मंत्रियों के निर्वाचन क्षेत्र
दिग्विजय के जिम्मे वाली इन 66 सीटों में से वर्तमान में यशोधरा राजे सिंधिया, जिनके पास शिवपुरी, गोपाल भार्गव (रेहटी सीट), भूपेंद्र सिंह (खुरी) और राजवर्धन सिंह दत्तीगांव जैसे मंत्री हैं। इस सूची में मुंगावली, शिवपुरी, गुना, उज्जैन उत्तर, उज्जैन दक्षिण, अशोकनगर, सागर, जबलपुर कैंट, खंडवा, सांची और अन्य शामिल हैं।
गुर्जर वोट को साधने के लिए निकलेंगे दिग्विजय सिंह
दिग्विजय सिंह अपनी चुनावी रणनीति के तहत आज से बैरसिया विधानसभा में धार्मिक पैदल परिक्रमा करेंगे। दिग्विजय, गुर्जर समाज के प्रथम पूज्य भगवान देवनारायण की परिक्रमा करेंगे। बैरसिया विधानसभा के गांव देव बरखेड़ी में गुर्जर समाज के भगवान देवनारायण का प्रसिद्ध मंदिर मौजूद है। दिग्विजय सिंह की यह पैदल परिक्रमा आज दोपहर 12:30 बजे शुरू होगी। इस दौरान वे अपने सहयोगियों के साथ 11 किलोमीटर पैदल चलेंगे। कहा जा रहा है कि मध्य प्रदेश की करीब 12 विधानसभा सीटों पर गुर्जर समाज निर्णायक स्थिति में रहता है। दिग्विजय सिंह की इसी पर नजर है।
