नई दिल्ली
समाचार पोर्टल ‘न्यूज़क्लिक’ से जुड़े कई परिसरों पर आज दिल्ली पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी की है। न्यूज़क्लिक के लेखक उर्मिलेश, परंजॉय गुहा ठाकुरता और एंकर अभिसार शर्मा पर ऐक्शन हुआ है। उर्मिलेश को पुलिस अपने साथ ले गई है। उनके वकील गौरव यादव भी दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल कार्यालय पहुंचे हैं। गौरव यादव ने बताया, ‘उर्मिलेश की पत्नी ने मुझे बताया कि उन्हें दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अभी मेरे पास कोई दूसरी जानकारी नहीं है।’ ये कार्रवाई 17 अगस्त को UAPA और IPC की अन्य धाराओं के तहत दर्ज मामले पर आधारित है। धारा 153A (दो समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना), IPC की धारा 120B (आपराधिक साजिश) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
न्यूज़क्लिक के लेखक परंजॉय गुहा ठाकुरता दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के अधिकारियों के साथ देखे गए। दिल्ली पुलिस के ऐक्शन पर भाजपा नेता दुष्यन्त कुमार गौतम ने कहा, ‘न्यूज़क्लिक और इन जैसे कोई भी संस्थान जो देश विरोधी काम करेंगे उनपर ऐसे ही कार्रवाई होगी… चीन हमारे देश को बढ़ते हुए देखना पसंद नहीं करता इसलिए अनेक राष्ट्र विरोधी एजेंसियों का इस्तेमाल कर देश पर आक्रमण करने का प्रयास कर रहा है लेकिन देश बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है। ऐसी संस्थाओं को कुचला जाएगा।’
