कंगना रनौत की हालिया रिलीज फिल्म ‘तेजस’ सिनेमाघरों में दर्शकों के लिए तरस रही है। फिल्म रिलीज होने के साथ ही चारों खाने चित हो गई थी और अब लग रहा है कि फिल्म अपना दम तोड़ने के कगार पर है। कहा जा रहा है कि सिनेमाघरों में कंगना रनौत की इस फिल्म के लिए 5-6 लोगों की भीड़ दिख रही, जिसके बाद इसे सिनेमाघरों से हटाने की तैयारी भी शुरू हो चुकी है। यही हाल रहा तो हो सकता है ‘तेजस’ अपना दूसरा वीकेंड सिनेमाघरों में न देख पाए। वहीं इसी के साथ 27 नवंबर को रिलीज हुई विक्रांत मैसी की ’12वीं फेल’ अपना दम दिखा रही है। हालांकि, फिल्म का कलेक्शन इस वक्त उतना नहीं है जितनी होनी चाहिए लेकिन ‘तेजस’ से जरूर बेहतर कमा रही है ये फिल्म।
सर्वेश मेवाड़ा निर्देशित इस फिल्म में कंगना रनौत लीड रोल में हैं। इनके अलावा इस फिल्म में अंशुल चौहान,आशीष विद्यार्थी,वरुण मित्रा,विषक नायर भी हैं। देशभक्त और भारतीय वायुसेना की बहादुर लड़ाकू विमान महिला पायलट तेजस गिल की कहानी न तो क्रिटिक्स को पसंद आई और न ही सिनेमाघरों में लोगों को पसंद आ रही है। यही वजह है कि लोग इस फिल्म के आसपास फटकने की बी हिम्मत नहीं कर रहे। इस फिल्म में आतंकवादियों का राम मंदिर पर बम धमाका, हिंदू-मुस्लिम समुदाय के बीच दंगा, तेजस का एक दर्दनाक अतीत, 26/11 का आंतकी हमला और पाकिस्तान से भारत का बदला जैसी सारी चीजें हैं लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसका कोई असर नहीं दिख रहा।
दम तोड़ने की कगार पर दिख रही कंगना रनौत की ‘तेजस’
sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘तेजस’ ने जहां पहले सोमवार को केवल 40 लाख रुपये की कमाई की थी वहीं पांचवें दिन फिल्म ने महज 35 लाख रुपये की ही कमाई की। कुल मिलाकर 5 दिनों में 40 करोड़ से अधिक बजट में तैयार हुई इस फिल्म ने अब तक 4.50 करोड़ रुपये की कमाई की है। वहीं वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात करें तो इसने 5 दिनों में 6 करोड़ से थोड़ी कम कमाई की है।
वहीं विधु विनोद चोपड़ा की फिल्म ’12वीं फेल’ दिखा रही कमाल
वहीं विधु विनोद चोपड़ा की फिल्म ’12वीं फेल’ ने सिनेमाघरों में रौनक बनाए रखने में पूरी ताकत झोंक दी है और इसका असर भी दिख रहा है। इस फिल्म में IPS अफसर की प्रेरणादायक कहानी है, जो पहले 12वीं में फेल हो जाता है। इस फिल्म में विक्रांत मैसी के अलावा मेधा शंकर,अंशुमान पुष्कर,अनंत जोशी,हरीश खन्ना,प्रियांशु चटर्जी जैसे कलाकार हैं। विक्रांत की ये फिल्म धीर-धीरे सही, लेकिन सिनेमाघरों में अच्छा परफॉर्म कर रही है।
विक्रांत मैसी की फिल्म ने वर्ल्डवाइड 11 करोड़ से अधिक की कमाई की
इस फिल्म ने मंगलवार को 1.65 करोड़ रुपये की कमाई की जो पहले सोमवार से अधिक है और ये फिल्म के लिए अच्छे संकेत हैं। अब ये फिल्म 10 करोड़ रुपये के बेहद करीब पहुंच चुकी है। 5 दिनों में फिल्म ने 9.89 करोड़ रुपये की कमाई की है। वहीं इसने वर्ल्डवाइड 11 करोड़ रुपये से अधिक कमाई की है।
