भोपाल
बीएचईएल, भोपाल में चल रहे अंतर इकाई फुटबाल प्रतियोगिता के अंतिम दिन आज सेमीफाईनल तथा फाईनल मैच खेले गए । भोपाल एवं रानीपेट के बीच सेमीफाईनल मैच खेला गया जिसमें भोपाल ने रानीपेट को 3-0 से परास्त किया । इसके उपरांत प्रतियोगिता का फाइनल का मैच भोपाल एवं त्रिची इकाई के बीच खेला गया । मैच में भोपाल ने त्रिची को 5-1 से शिकस्त देते हुए प्रतियोगिता अपने नाम कर ली । कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बीके सिंह, महाप्रबंधक एवं विशिष्ठ अतिथि राकेश शर्मा, सचिव-जिला फुटबाल एसोसिएशन, भोपाल मौजूद थे ।
बीके सिंह ने विजेता टीम तथा सभी प्रतिभागी टीमों को इस प्रतियोगिता में शामिल होने और अदभुत टीम भावना तथा खेल भावना प्रदर्शित करने के लिए बधाई दी । उन्होंने बीएचईएल, भोपाल टीम को विशेष रूप से बधाई देते हुए कहा कि आज 2-2 मैच खेलने के बावजूद भोपाल टीम का उत्साह अपने चरम पर रहा है । उन्होंने कहा कि खेल में अथवा जीवन में जिसने भी पहले हार मान ली वह हार गया और जिसने जिद ठान ली जीत उसी की होती है । उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बीएचईएल की एक शानदार परम्परा रही है और हमने प्रत्येक क्षेत्र में अपनी विशिष्ठ पहचान बनाई है ।
उन्होंने उपस्थित जन समुदाय से कहा कि अब नए वर्ष के आगमन के साथ हम वित्त वर्ष 23-24 की अंतिम तिमाही में प्रवेश कर रहे हैं और हमें इसी विजयी भावना के साथ टर्न ओवर के लक्ष्य को हासिल करते हुए बीएचईएल का परचम फहराना है । श्री शर्मा ने बीएचईएल के सभी यूनिटों से पधारे टीमों की सराहना करते हुए कहा कि इस मैदान ने काफी अच्छे खिलाड़ियों को मौका दिया है और जिस खेल भावना से इस प्रतियोगिता में सभी खिलाड़ी सम्मिलित हुए उनकी जितनी सराहना की जाए कम है।
कार्यक्रम में विशेष रूप से आरएफ सिद्दीकी, महाप्रबंधक , टीयू सिंह, अपर प्रबंधक , राजीव सरना, अपर महाप्रबंधक,आरिफ अहमद सिद्दीकी, अपर महाप्रबंधक , नारायण तिवारी, वरि. उप महाप्रबंधक ,प्रज्जल आदक, उप महाप्रबंधक एवं आरके जायसवाल, उप प्रबंधक आदि मौजूद थे । कार्यक्रम के अंत में प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों के प्रतिनिधियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए । विजेता एवं उप विजेता टीम के प्रतिनिधियों को शील्ड एवं व्यक्तिगत पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया । सेवानिवृत्त होने वाले वरिष्ठ खिलाड़ी शराफत अली, भोपाल एवं अकील हैदर, झॉंसी इकाई को सम्मानित किया गया ।
