-ठेकेदार की मनमर्जी, रोजाना गुजरते हैं 30 हजार लोग,आये दिन हो रही हैं दुर्घटनाए,राहगीर परेशान
भोपाल
भेल क्षेत्र की एक ऐसी भी सड़क है जो पूरे मप्र में देखने को नहीं मिलेगी । आनन-फानन में ठेकेदार ने इस सड़क को बना तो दी लेकिन आम आदमी के लिये यह सड़क खतरा ऐ जान बन गई । बड़ी बात यह है कि विधान सभा चुनाव का समय था इसलिये ठेकेदार ने बिना बिजली विभाग के खंभे हटाये सड़क का निर्माण जोर-शोर से कर दिया। हालत यह है कि टेड़े-मेड़े खंभों के बीच बनी इस सड़क पर राहगीरों का गुजरना मुश्किल हो गया है । आये दिन दुर्घटनाओं से लोग परेशान है ।
पोल शिफ्ंिटग अभी तक नहीं हो पाई हालांकि कुछ समय के लिये यह काम शुरू हुआ था लेकिन बाद में फिर बंद कर दिया गया । आधा-अधूरा काम किसी के गले नहीं उतर रहा है । यह सड़क अवधपुरी के बीडीओ कॉलोनी के बीच बनाई गई है । इसकी शिकायत इस क्षेत्र की एक महासमिति ने नगर-निगम के तमाम अफसरों को की है लेकिन सुनवाई न होने के कारण अब वह गोविंदपुरा विधान सभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती कृष्णा गौर से गुहार लगायेंगे ।
गौरतलब है कि इस सड़क से करीब 50 से ज्यादा सरकारी और गैर सरकारी स्कूल बसें गुजरती हैं । वहीं कंचन नगर अमरावत खुर्द तक 50 से ज्यादा कालोनियां बनी हुई हैं । यदि इस क्षेत्र में रहने वाले भेल कर्मचारियों को मिलाकर देखा जाये तो करीब 30 हजार लोगों का रोजाना आना-जाना बना हुआ है । सड़क के बीचों बीच लगे आढ़े-तिरछे खंभे लोगों के लिये परेशानी का शबब बने हुये हैं वह नगर-निगम को कोशते नजर आते हैं । बड़ी बात यह है कि रात के समय इस मार्ग पर स्ट्रीट लाईट न होने से दुर्घटना का खतरा बना रहता है ।
इनका कहना है-
इस सड़क को बनावने के लिये रहवासियों ने काफी लड़ाईयां लड़ी हैं तब जाकर सरकार ने इस सड़क के निर्माण के लिये भारी भरकम राशि दी थी। सड़क का काम भी शुरू हो गया लेकिन दर्जनों आड़े-तेड़े बिजली के खंभे लगे होने के बाद भी संबंधित ठेकेदार ने इस सड़क का निर्माण कर डाला। ऐसी सड़क मप्र में कहीं देखने को नहीं मिलेगी ।
रमन तिवारी,अध्यक्ष,अवधपुरी परिक्षेत्र जन कल्याण समिति भेल
