भोपाल
बीएचईएल ने देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, वर्तमान में देश के इंजीनियरिंग एवं संरचनात्मक विकास में इसकी महती भूमिका है और भविष्य में भी बीएचईएल का योगदान हमेशा की तरह स्मरणीय रहेगा राजीव सिंह, कार्यपालक निदेशक, बीएचईएल, भोपाल ने आज हाइड्रो लेब परिसर में बीएचईएल दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में भारी संख्या में उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित करते हुए यह उदगार व्यक्त किए ।
इस अवसर पर बीके सिंह, महाप्रबंधक (मा.सं.), हरीश कुमार साहू, कमाण्डेण्ट, सीआईएसएफ, सभी महाप्रबंधकगण, डीआरओ, विभिन्न ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधि और भारी संख्या में कर्मचारी मौजूद थे । उन्होंने बीएचईएल ध्वज फहराने के उपरांत सभी कर्मचारियों को बीएचईएल दिवस पर प्रतिज्ञा दिलाई की बीएचईएल सभी पणधारकों के हितों की रक्षा करते हुए आपस में एक-दूसरे के प्रति विश्वास और सम्मान बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है ।
उन्होंने अपने उदबोधन में कहा कि बीएचईएल एक महान कंपनी है जिसका अतीत जितना गौरवशाली था, भविष्य भी उतना ही गरिमामयी और समृद्ध है । उन्होंने बताया कि बीएचईएल को न सिर्फ अधोसंरचना, परिवहन, सैन्य उपकरणों के क्षेत्र में बल्कि पुन थर्मल पॉवर के क्षेत्र में भी अनेक महत्वपूर्ण आर्डर प्राप्त हो रहे हैं । जहां तक आर्डर बुक की बात है, बीएचईएल के पास एक अत्यंत सम्मानजनक आर्डर बुक मौजूद हैं । यह हम सभी का कर्तव्य है कि हम पूरी निष्ठा के साथ अपना कार्य करते हुए सभी आर्डर नियत समय में पूरा करें ।
उन्होंने कार्यस्थल पर स्वच्छता बनाए रखने और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने पर जोर दिया । श्री सिंह ने आगे कहा कि बीएचईएल ने सभी कर्मचारियों को बहुत कुछ दिया है और आज हमारी पहचान और सामाजिक प्रतिष्ठा बीएचईएल के कारण ही बनी है । हर एक कंपनी में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं और आज आवश्यकता इस बात की है कि हम पूरी ईमानदारी के साथ अपना कार्य करें और बिना एक पल गंवाए उत्पादन कार्य में योगदान दें ।
इसके उपरांत कार्यपालक निदेशक ने विभिन्न ब्लॉकों, कार्यालयों तथा कस्तूरबा अस्पताल में कर्मचारियों एवं चिकित्सकों से मुलाकात की और उन्हें तथा उनके परिवार के सदस्यों को नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं । इस अवसर पर बीएचईएल, भोपाल में अंगदान से जुड़ी प्रतियोगिताओं के पुरस्कार भी कार्यपालक निदेशक तथा महाप्रबंधक (मा.सं.) द्वारा प्रदान किए गए । कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन विनोदानंद झा, अपर महाप्रबंधक (प्रचार एवं जनसंपर्क) ने किया ।
