नई दिल्ली
आखिर मेहनत रंग लाई। इंडियन नेवी ने सोमालिया के पास समुद्री लुटेरों के चंगुल में फंसे एमवी लीला नॉरफॉक जहाज में मौजूद 15 भारतीय क्रू मेंबर्स को बचा लिया गया है। 15 जिंदगियों को बचाने के लिए भारतीय नौसेना INS चेन्नई युद्धपोत लेकर पहुंचा था। काफी देर तक चले इस ऑपरेशन के बाद एमवी लीला नॉरफॉक पर सवार 15 भारतीय सुरक्षित हैं। सैन्य अधिकारी ने बताया कि अरब सागर में कार्यरत भारतीय युद्धपोतों को समुद्री डाकुओं के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए गए हैं। बता दें कि हाईजैक किए जहाज में कुल 21 क्रू मेंबर्स सवार थे। सभी का सफल रेस्क्यू कर लिया गया है।
बच गईं सभी 15 जिंदगियां
भारतीय नौसेना की हिम्मत और ताकत के दम पर इस ऑपरेशन का सफल अंजाम हुआ। रक्षा अधिकारी ने न्यूज एजेंसी से बातचीत में बताया कि अगवा किए गए जहाज एमवी लीला नॉरफॉक पर सवार चालक दल सहित 15 भारतीय सुरक्षित हैं। उन्होंने आगे बताया कि भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार ने अरब सागर में कार्यरत भारतीय युद्धपोतों को समुद्री डाकुओं के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए हैं। इस क्षेत्र में व्यापारिक जहाजों पर हमलों को रोकने के लिए अरब सागर में चार भारतीय नौसेना के युद्धपोत तैनात किए गए हैं।
समुद्री लुटेरों के चंगुल में फंस गए थे 15 भारतीय
4 जनवरी यानी एक दिन पहले यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) ने बताया था कि लाईबेरिया के ध्वज वाले मालवाहक जहाज एमवी लीला नॉरफॉक को हाईजैक कर लिया गया है। यूकेएमटीओ, एक ब्रिटिश सैन्य संगठन है। यह रणनीतिक जलमार्गों में विभिन्न जहाजों की गतिविधियों पर नजर रखता है। इस हाईजैक हुए जहाज में 15 भारतीय क्रू मेंबर्स भी थे। इसके बाद भारतीय नौसेना हरकत में आई और अपने युद्धपोत INS चेन्नई लेकर शुक्रवार यानी आज पहुंचा था। इस जहाज में पांच से छह अज्ञात हथियारबंद लोगों के सवार होने की भी सूचना थी।
