नई दिल्ली,
पाकिस्तान में मौजूद आतंकी ठिकानों पर ईरान ने मंगलवार को एयरस्ट्राइक की थी. इस पर अब भारत का भी बयान आ गया है. भारत के विदेश मंत्रालय की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि हम मानते हैं कि इस एक्शन का फैसला आत्मरक्षा में लिया गया था.
विदेश मंत्रालय ने जारी बयान में बताया कि ईरान की पाकिस्तान पर एयरस्ट्राइक के बाद इस पर भारत की प्रतिक्रिया मीडिया द्वारा मांगी जा रही है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, ‘ये मामला ईरान और पाकिस्तान के बीच का है. जहां तक भारत की बात है. आतंकवाद के खिलाफ हमारी नीति जीरो टॉलरेंस वाली है. हम उन एक्शन को समझते हैं जिन्हें देश आत्मरक्षा में लेता है.’
बता दें कि ये बयान पाकिस्तान और अफगानिस्तान की सीमा से सटे देश के अशांत प्रांत में ईरान रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के एक सदस्य को गोली मारे जाने की घटना के कुछ घंटों के भीतर आया है. बता दें कि बलूचिस्तान में जैश अल-अद्ल के ठिकानों पर ईरान की एयरस्ट्राइक के बाद ये हमला किया गया है.
बता दें कि मंगलवार रात ईरान ने पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर मिसाइलों और ड्रोन से ताबड़तोड़ हमले कर दिए थे. ईरान को ये शक था कि उसका पुराना दुश्मन सऊदी अरब पाकिस्तान की सीमा से उस पर हमला करने वाले आतंकी संगठन जैश-अल-अदल आतंकी गुट को शह दे रहा है.
