भोपाल ,
बीजेपी में जाने की अटकलों के बीच मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ मंगलवार को कांग्रेस की एक मीटिंग में शामिल हुए. राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर भोपाल स्थित कार्यालय में रखी गई इस मीटिंग में कमलनाथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े. मीटिंग में यात्रा की तैयारियों के लिए बनाई गई समितियों से चर्चा की गई.
मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह के अलावा ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ की तैयारियों के लिए रखी गई मीटिंग में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह समेत तमाम बड़े नेता शामिल हुए. इस मीटिंग में कमलनाथ के गढ़ माने जाने वाले छिंदवाड़ा छोड़ सभी जगह के कांग्रेस विधायक और सांसद शामिल हुए. हालांकि, प्रदेश में दूसरी जगह के कमलनाथ समर्थक विधायकों को इस अहम बैठक में देखा गया.
