सतना,
मध्य प्रदेश के सतना जिले में हत्या का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. एक पारिवारिक समारोह में म्यूजिक बंद करने और नाचने से रोकने पर एक व्यक्ति ने अपने भाई की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी. पुलिस ने घटना की पुष्टि की है.एक अधिकारी ने बताया कि कोठी थाना क्षेत्र के मौहार गांव में शुक्रवार रात हुई हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी राजकुमार कोल (30) को गिरफ्तार कर लिया है. कोठी पुलिस थाने के प्रभारी रूपेंद्र राजपूत ने बताया कि राजकुमार के भाई राकेश (35) ने अपने घर पर एक समारोह आयोजित किया था, जिसके दौरान साउंड सिस्टम पर म्यूजिक बजाया जा रहा था.
उन्होंने कहा, जिसकी हत्या की गई है उसने म्यूजिक को बंद करवा दिया था जबकि आरोपी नाचना चाहता था. अधिकारी ने कहा कि भाइयों के बीच इसी बात को लेकर बहस हुई और गुस्से में आकर राजकुमार ने राकेश पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई.उन्होंने बताया कि बड़े भाई की हत्या के बाद आरोपी घटनास्थल से भाग गया. बाद में पुलिस ने उसे एक पुलिस के नीचे से पकड़ लिया जहां वो हत्या करने के बाद छिपा हुआ था. अधिकारी ने कहा, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और अपराध में इस्तेमाल हथियार भी जब्त कर लिया गया है.
