-करीब 2000 वर्गफीट की जगह को घेरा अतिक्रमणकारियों ने
-प्रबंधन बना मूक दर्शक,कोई कार्यवाही नहीं
भोपाल
भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड भेल प्रबंधन की जितनी तारीफी की जाये कम है । भेल की जमीन पर अतिक्रमण होता रहे और प्रबंधन मूक दर्शक बना रहे यह किसी के समझ में नहीं आ रहा है । इसके चलते अतिक्रमणकारी बेखौफ हैं ऐसा ही एक मामला होशंगाबाद रोड स्थित आईएसबीटी के सामने भेल प्रशासन की हबीबगंज इंडस्ट्रीज एरिये की जमीन पर यूं तो अतिक्रमण की भरमार है लेकिन लोग दांतों तले उंगली तब दबालेते हैं जब भेल प्रशासन जिस व्यक्ति को महज 500 वर्गफीट से ज्यादा की एक दुकान आवंटन करता है वह भी होटल व्यवसाय के लिये और देखते ही देखते होटल की जगह करीब 2000 वर्गफीट जमीन पर कार सेल की सिर्फ दुकान ही शुरू नहीं होती बल्कि उसके आसपास तार की फेंसिंग कर व्यवसाय को और भी मजबूती प्रदान की जा रही है ।
यहां से गुजरने वाला आम आदमी भी इस अतिक्रमण को देख भेल प्रबंधन की उदासीनता के संंबंध में चर्चा करने से नहीं चूकता । ऐसा भी नहीं कि भेल का बेदखली अमला इस अतिक्रमण के संबंध में कोई जानकारी नहीं रखता लेकिन प्रभावशाली लोगों के अतिक्रमण के चलते हाथ डालने से कतरा रहा है । बल्कि यूं कहा जाये की अब तक इस अतिक्रमण के संबंध में बेदखली अमले ने भेल के नगर प्रशासक को सर्वे कर अतिक्रमण के संबंध में कोई जानकारी तक नहीं दी ।
ऐसे में अतिक्रमणकारियों के हौसले कितने बुलंद हो रहे हैं इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है । लाखों खर्च कर भेल प्रशासन न केवल बेदखली अमले पर खर्च कर रहा है बल्कि करोड़ों खर्च कर सुरक्षा एजेंसियों को अपने नगरीय क्षेत्र की सुरक्षा पर खर्च कर रहा है । वह भी एक्स मिलेट्रीमेनों की नियुक्ति कर । इसके बाद भी खुलेआम अतिक्रमण होते रहे यह बात आम आदमी ही नहीं बल्कि भेल कर्मचारियों को भी अखर रही है ।
