बैतूल,
मध्य प्रदेश के बैतूल में एक महिला की अर्धनग्न हालात में लाश मिलने से सनसनी फैल गई. टूटी शराब की बोतल से महिला का गला रेत कर हत्या की गई है. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है. कोतवाली थाना इलाके के सोनाघाटी का यह मामला है. लाश की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की तो महिला का गला कटा हुआ था. प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला माना जा रहा है.
टीआई कोतवाली देवकरण डेहरिया ने बताया कि सोनाघाटी इलाके में रहने वाली में रामकली (उम्र 30 साल) पति गणेश उइके की लाश सतपुड़ा वैली पब्लिक स्कूल के सामने मिली थी. लाश अर्धनग्न अवस्था में थी और पास में ही शराब की टूटी हुई बोतल पड़ी थी, जिस पर खून के निशान थे. उसी से अंदाजा लगाया जा रहा है कि महिला का गला बोतल से रेता गया है.
पुलिस अधिकारी का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है जिसकी रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी. मृतका का पति मानसिक दिव्यांग है और उसके दो बच्चे हैं. महिला अपना घर चलाने के लिए मजदूरी का काम करती थी. यह भी तथ्य सामने आया है कि महिला का एक माह पहले किसी से विवाद हुआ था. इस संबंध में जानकारी पुलिस जुटा रही है.
पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही इस अंधे कत्ल का खुलासा करने का दावा कर रही है. घटना को लेकर मृतक महिला रामकली की बहन निमोती ने महिला की ससुराल वालों पर आरोप लगाया है. उसका कहना है कि रामकली के परिवार में भी विवाद होते रहता था. शिवरात्रि के पहले भी विवाद हुआ था.
