गुना ,
MP की राजगढ़ लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में खड़े दिग्विजय सिंह का एक वीडियो वायरल हो रहा है. वीडियो में दिग्विजय सिंह खुद को जवान बता रहे हैं. दिग्विजय ने नरसिंहगढ़ के गुराड़िया गांव में जनचर्चा के दौरान ये बात कही. दिग्विजय सिंह ने कहा, राजगढ़ लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने के लिए कहा गया है. चुनाव लड़ना है तो सभी के बीच पहुंचना जरूरी है, इसलिए वादा निभाओ पदयात्रा निकालकर सभी से मुलाकात कर रहा हूं. पदयात्रा का दूसरा कारण है कि भाजपा जो बार बार कहती है कि बूढ़े को टिकट दे दिया, तो मैंने कहा कि चलो मेरी जवानी देख लो.” इसलिए पदयात्रा शुरू कर दी.
कांग्रेस प्रत्याशी ने जनता के बीच पहुंचकर सवाल किया कि बीजेपी मोदी के नाम पर वोट मांग रही है. क्या स्थानीय समस्याओं को निपटाने के लिए मोदी को बताओगे या हमें बताओगे. किसानों गरीबों की लड़ाई हम लड़ेंगे.दिग्विजय सिंह जब बयान दे रहे थे तभी एक समर्थक ने कहा कि राजा साहब के पास क्या कमी है लेकिन फिर भी हमारी लड़ाई लड़ रहे हैं. राजा साहब के लिए जान की बाजी लगा देंगे. इस पर शाबाशी देते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि जो मैं कहना चाहता था, वो आपने कह दिया.
दिग्विजय सिंह के लिए उनके पुत्र जयवर्द्धन सिंह और पोते सहस्त्रजय सिंह भी पदयात्रा कर रहे हैं. गांव गांव जाकर दिग्विजय सिंह के लिए वोट मांग रहे हैं. ग्रामीणों के बीच पहुंच रहे जयवर्द्धन सिंह कह रहे हैं, ”अबकी बार राजा साहब चुनाव लड़ रहे हैं, ध्यान रखना.” दिग्विजय की तीन पीढ़ी एक साथ जनता के पहुंचकर चुनाव प्रचार में जुटी हुई है.
