भोपाल
शुक्रवार को भेल के कस्तूरबा अस्पताल में आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए आकस्मिक चिकित्सा वार्ड व आई.सी.यू. का उद्घाटन एसएम. रामनाथन, कार्यपालक निदेशक, बीएचईएल, ने किया । इस अवसर पर बी.के. सिंह, महाप्रबंधक (मानव संसाधन), लेडीज क्लब की अध्यक्षा श्रीमती संगीता रामनाथन, अविनाश चंद्रा, महाप्रबंधक तथा कस्तूरबा चिकित्सालय की डॉ. श्रीमती अल्पना तिवारी, मुख्य चिकित्सा सेवाएं सभी महाप्रबंधकगण, विभिन्न यूनियनों के अध्यक्ष व महासचिव, चिकित्सा सलाहकार समिति व नगर सलाहकार समिति के सदस्यगण, कस्तूरबा चिकित्सालय के डॉक्टर्स, नर्सेस, अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे । सभी ने नव विकसित आधुनिक सुविधाओं से युक्त आकस्मिक चिकित्सा वार्ड एवं आई.सी.यू. का अवलोकन किया ।
रामनाथन ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि सभी कर्मचारियों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों और उनके आश्रितों को बेहतर चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने के लिए बीएचईएल प्रबंधन प्रतिबद्ध है । उन्होंने अस्पताल में नए डॉक्टरों की उपलब्धता के साथ साथ अन्य नई सुविधाओं की जानकारी दी । उन्होंने आगे कहा कि नवीनीकृत आई.सी.यू. व कैजुअलिटी के बनने से मरीजों को काफी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी । साथ ही उन्होंने यह आश्वासन दिया कि अस्पताल की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए आगे भी हर संभव प्रयास किये जायेंगे । कार्यक्रम में बी.के. सिंह ने सभी लोगों से नये आईसीयू के प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील की और कहा कि मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा देने हेतु नई मशीनों को भी यथा संभव क्रय किया जाएगा ।
डॉ. तिवारी ने वर्ष 2023-24 की उपलब्धियों के बारे में बताते हुए कहा कि अस्पताल में 6 जनरल ड्यूटी मेडीकल ऑफीसर व एक ऑर्थोपेडिक स्पेशलिस्ट डॉक्टर ने ज्वाइन किया है तथा रेडियोलॉजी, पैथोलॉजी, पीडियाट्रिक व फिजियोथेरेपी में कई नई मशीनें आई हैं । मेडीकल विभाग में दो नये डी.एन.बी. डॉक्टर्स भी आये हैं । अस्पताल में सुपर स्पेशलिस्ट न्यूरोलॉजिस्ट, न्यूरो सर्जन, नेफ्रोलॉजिस्ट, कार्डियोलॉजिस्ट निरंतर अपनी सेवाएं दे रहे हैं । कार्यक्रम में मेडीकल एवं टाउनशिप एडवाइजरी कमेटी, सभी यूनियनों के अध्यक्ष व महासचिव उपस्थित थे । सभी ने नये कैजुअलिटी व आई.सी.यू. के प्रोटोकॉल्स के पालन में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया । कार्यक्रम का संचालन डॉ. (श्रीमती) रिम्मी सेठी, परामर्शदाता (नेत्र) एवं आभार प्रदर्शन डॉ. (श्रीमती) पामेला सचदेव, महाप्रबंधक (गाईनेकोलॉजी) ने किया ।
