नई दिल्ली:
शेयर बाजार में आज छुट्टी के बाद कमजोरी देखने को मिल रही है। बाजार गिरावट के साथ खुला है। बाजार में कल यानी गुरुवार को ईद के चलते छु्ट्टी थी। इसके बाद आज सुबह से ही बाजार में गिरावट देखी जा रही है। दोपहर करीब एक बजे बीएसई सेंसेक्स 614 अंकों की गिरावट के साथ 74,435 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। वहीं दूसरी ओर, निफ्टी 172 अंकों या 0.80% कमजोर होकर 22,573 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। भारतीय बेंचमार्क इंडेक्स शुक्रवार को अमेरिका के महंगाई के आंकड़े जारी होने के बाद गिरावट के साथ खुले हैं। निवेशकों का ध्यान अब घरेलू बाजार में कंपनियों के आने वाले तिमाही परिणामों पर टिकी हुई है। इस बीच गौतम अडानी की ज्यादातर कंपनियों के शेयरों में भी गिरावट देखी जा रही है। अडानी की 9 कंपनियों के शेयर लुढ़कर लाल निशान पर कारोबार कर रहे हैं। इनमें सबसे ज्यादा गिरावट एसीसी में देखी जा रही है। अडानी के शेयरों में गिरावट के चलते निवेशकों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
इन शेयरों में गिरावट
आज अडानी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में गिरावट देखी जा रही है। इसमें दोपहर एक बजे के करीब अडानी टोटल गैस (Adani Total Gas) में 0.50%, एसीसी सीमेंट (ACC) में 1.27%, ग्रुप की होल्डिंग कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज (Adani Enterprises) में 0.97%, अंबूजा सीमेंट (Ambuja Cement) में 1.64%, अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकनॉमिक जोन (Adani Ports) में 0.51%, अडानी पॉवर (Adani Power) में 1.33%, अडानी विल्मर (Adani Wilmar) में 0.98% और अडानी ग्रीन एनर्जी (Adani Green Energy) में 0.36 फीसदी की गिरावट आई है। अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस (Adani Energy Solution) में ही तेजी देखने को मिल रही है। यह शेयर 1.20% की तेजी के साथ हरे निशान पर कारोबार कर रहा है।
लाल निशान पर कर रहे कारोबार
आज यानी 12 अप्रैल को बेंचमार्क इंडेक्सेस निफ्टी, सेंसेक्स और बैंक निफ्टी कमजोरी के साथ कारोबार करते हुए दिखाई दे रहे हैं। सेक्टोरल इंडेक्सेस में निफ्टी आईटी इंडेक्स, निफ्टी फार्मा इंडेक्स, निफ्टी ऑटो और निफ्टी मिडकैप इंडेक्सेस में गिरावट देखने को मिली है। ये सेक्टोर इंडेक्स लाल निशान में कारोबार करते दिखाई दे रहे हैं।
