नई दिल्ली
दिल्ली के शाहबाद डेयरी थाना क्षेत्र में आज दोपहर अचानक झुग्गियों में भीषण आग लग गई। आग की सूचना के बाद दमकल विभाग की गाड़ियां राहत और बचाव कार्य के लिए घटनास्थल पर पहुंची।शुरुआती जानकारी के अनुसार 150 से 200 झुगियां आग चपेट में आ चुकी हैं। आग के कारण झुगियों में रखे कई सिलेंडर ब्लास्ट और धमाके होने की भी खबर आई है। आग लगने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप और अफरातफरी का माहोल हो गया। आग लगने के कारण का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
दमकल विभाग ने आग पर पाया काबू
आग के कारण पूरे इलाके में कई किलोमीटर तक काले धुएं का गुबार देखने को मिल रहा था। इस हादसे में किसी के भी झुलसने या हताहत होने की कोई खबर सामने नहीं आई है। लेकिन झुग्गी में रहने वाले गरीब लोगों का बड़ा नुकसान हुआ है। आग पर काबू पाया गया है और अभी पूरी तरह बुझाने के लिए कूलिंग का काम फायर ब्रिगेड की टीम के द्वारा किया जा रहा है।
‘आंखों के सामने जल गई हमारी झोपड़ी‘
घरेलू सहायक के तौर पर काम करने वाले बिहार के एक प्रवासी श्रमिक धर्मेश कुमार ने कहा कि वह अपने परिवार के साथ पांच साल से अधिक समय से वहां रह रहे हैं।कुमार ने कहा कि अब तक हमारे पास यही छोटी सी झोपड़ी है, लेकिन हमारे सारे सपने हमारी आंखों के सामने जल गए। अब हमारे पास कुछ भी नहीं बचा है क्योंकि हमारा सारा सामान राख हो गया है। हम अपना घर खोकर निराश हैं। सरकार को हमारी गुहार सुननी चाहिए। आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।
