नई दिल्ली
पिछले कुछ दिनों से दिल्ली-एनसीआर का मौसम लगातार करवट बदल रहा है। कभी दिन के वक्त अचानक अंधेरा देखने को मिल रहा है तो कभी दिनभर तेज धूप लोगों का पसीना निकाल रही है। कभी-कभी शाम के वक्त तेज आंधी और बारिश की बौछारें मौसम को कूल-कूल कर देती हैं। आमतौर पर देखा गया है कि अप्रैल के तीसरे सप्ताह से लेकर जून के पहले सप्ताह तक दिल्ली की गर्मी लोगों को खूब सताती है, लेकिन अब तक ऐसा कुछ देखने को नहीं मिला है। मौसम का मिजाज ठंडा और गर्म, दोनों तरह का बना हुआ है। मौसम विभाग के वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण तेज धूप के बीच अचानक तेज हवाएं चल रही हैं और बादल भी छा रहे हैं।
मौसम वैज्ञानिक कुलदीप श्रीवास्तव का कहना है कि इस साल अप्रैल में 5 पश्चिमी विक्षोभ देखे गए। इन पश्चिमी विक्षोभों के कारण कोई खास बारिश दर्ज नहीं की गई, लेकिन कई दिनों तक बादल छाए रहे और तेज हवाएं चलीं। इसके कारण गर्मी में खास इजाफा देखने को नहीं मिला, कुछ दिनों में धूल भरी आंधी भी देखी गई।’ उन्होंने कहा कि एक और पश्चिमी विक्षोभ शुक्रवार से क्षेत्र को प्रभावित कर रहा है, इससे कुछ दिनों तक तापमान सामान्य रहेगा।
आज कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?
दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री सेल्सियस कम है। सुबह साढ़े आठ बजे आर्द्रता का स्तर 44 प्रतिशत दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दिन में बूंदाबांदी होने और तेज सतही हवाएं चलने के साथ बादल छाए रहने का अनुमान जताया है।अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
इन राज्यों में हीटवेव का खतरा
आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार ने बताया कि देश के पूर्वी हिस्सों में अगले तीन दिनों तक लू का कहर जारी रहेगा। ओडिशा, पश्चिम बंगाल और बिहार में तेज गर्मी पड़ने की संभावना है। तीन दिन के बाद आंधी-तूफान की वजह से राहत मिलने की उम्मीद है। आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक के अंदरूनी इलाकों और तमिलनाडु में अगले चार दिनों तक भीषण गर्मी पड़ने का अनुमान है। दो दिनों के बाद अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, त्रिपुरा और मिजोरम में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
