लखनऊ:
भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को निर्वाचन आयोग में जाकर एक ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने सपा पर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव की मतगणना में सपा और इंडी गठबंधन के लोग आराजकता कर सकते हैं। भाजपा ने विपक्ष पर हार की हताशा में पूरे प्रदेश में अराजकता फैलाने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। चुनाव आयोग से वोटों की गिनती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी रखने और इसमें लगे अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग करते हुए भाजपा ने प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है।
सपाई अराजकता फैलाने की तैयारी कर रहे हैं- भूपेंद्र
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए आशंका व्यक्त की कि समाजवादी पार्टी द्वारा 4 जून को मतगणना के दौरान दंगा और हिंसा कराने की साजिश की सूचनाएं मिली हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि सपा प्रमुख की प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही गईं बातों से सपा कार्यकर्ता उत्तेजित होकर अराजकता फैलाने की तैयारी कर रहे हैं।
सपा के लोग जनादेश का अनादर कर अराजकता फैला सकते हैं। सपाई सोशल मीडिया पर मतगणना को लेकर धमकियां दे रहे हैं। हमने चुनाव आयोग से ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रतिनिधि मंडल ने आयोग से उपरोक्त बातों को संज्ञान में लेकर मतगणना के दौरान अराजकता और दंगा करने के उद्देश्य से जमावड़ा करने वाले विपक्षी पार्टी के कार्यकर्ताओं को रोकने और मतगणना को शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु सख्त निर्देश देने का अनुरोध किया।
बीजेपी ने कहा ईवीएम से ही कांग्रेस की कई राज्यों में सरकार बनी
भाजपा के अनुसार 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में स्पष्ट बहुमत के साथ पीएम मोदी के सत्ता में आने के बावजूद विपक्ष भाजपा की जीत को स्वीकार करने को तैयार नहीं है, जबकि इसी चुनावी प्रक्रिया के तहत उनकी कई राज्यों में जीत हो चुकी है। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं प्रदेश चुनाव समिति के प्रमुख स्वतंत्र देव सिंह, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सहसंयोजक जेपीएस राठौर मौजूद रहे।
‘दंगाई तत्वों पर कार्रवाई की जाए’, डिप्टी सीएम की अपील
यूपी डिप्टी सीएम ने कहा, “लोगों को भड़काने की कोशिश करने के लिए उनके खिलाफ जांच होनी चाहिए. हमने मुख्य चुनाव अधिकारी से यह सुनिश्चित करने की अपील की है कि मतगणना शांतिपूर्ण तरीके से हो. उपद्रवी और दंगाई तत्वों पर कार्रवाई की जाए.” हालांकि, बीजेपी प्रतिनिधिमंडल की तरफ से सौंपे गए ज्ञापन में इस बात की जानकारी नहीं दी गई है, कि आखिलेश यादव ने ऐसा क्या बयान दिया, जिससे उनके कार्यकर्ता उत्तेजित हो सकते हैं.
‘पीसी के बाद प्रदेश में तनाव का माहौल’ – केशव प्रसाद मौर्य
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, “हमने शिकायत की है कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस किस तरह से प्रदेश में माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रही है. निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतगणना होनी चाहिए. समाजवादी पार्टी के नेता दंगाइयों की भाषा बोल रहे हैं. हमने आयोग से तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है.” केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सपा-कांग्रेस नेताओं के प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद प्रदेश में तनाव का माहौल है.
‘सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए’, बोले DGP
उत्तर प्रदेश के डीजीपी प्रशांत कुमार ने कहा कि काउटिंग को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है. त्रिस्तरीय सुरक्षा रखी गई है. इनर सर्किल में जहां काउंटिंग होगी, वहां CRPF तैनात रहेगी और सभी की चेकिंग होगी. उन्होंने बताया कि मतगणना केंद्रों पर सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी. सभी जिलों में धारा 144 लागू किया गया है. अनावश्यक भीड़ लगाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी. किसी भी विजय जुलूस की इजाजत नहीं होगी. यूपी में टोटल 81 जगह पर सुबह 8 बजे से काउंटिंग शुरू होगी.
अखिलेश यादव ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी, जिसमें उन्होंने बीजेपी की अगुवाई वाली केंद्र सरकार पर देश का माहौल खराब करने का आरोप लगाया था. उन्होंने बीजेपी के कार्यकाल के दौरान महिलाओं, पिछड़ों और दलितों समेत आदिवासियों के खिलाफ अपराध बढ़ने का दावा किया था. उन्होंने भी अपने कार्यकर्ताओं से काउंटिंग सेंटर पर ध्यान देने को कहा है.
अखिलेश यादव ने साथ ही आरोप लगाया कि नोटबंदी की वजह से छोटे कारोबारी बर्बाद हो गए. इलेक्टोरल बॉन्ड को लेकर कहा कि बीजेपी सरकार ने इसके जरिए बड़ा घोटाला किया. वहीं कांग्रेस ने अपने कार्यकर्ताओं से घर बैठकर टीवी देखने के बजाय मतगणना केंद्रों पर ध्यान रखने की बात कही है
