गाजीपुर/बलिया:
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने अपने बेटे अरविंद राजभर को एनडीए गठबंधन में रहते हुए घोसी लोकसभा सीट से चुनाव लड़वाया। समाजवादी पार्टी के राजीव राय से अरविंद घोसी सीट से चुनाव हार गए। विधानसभा चुनाव के बाद लोकसभा चुनाव में भी ओमप्रकाश राजभर अपने बेटे को चुनाव जिताने में कामयाब नहीं रहे।
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर से घोसी में हार की वजह को समझने के लिए संपर्क किया गया। ओपी राजभर ने कहा कि अरविंद राजभर को सुभासपा के सिंबल पर 3,40,188 वोट मिले है। क्या इस बात पर किसी को शक है कि इन वोटो में राजभर समुदाय के वोट शामिल नहीं है। ओमप्रकाश राजभर ने पूछा कि बनारस, बलिया में क्या समीकरण हुआ? वाराणसी में पीएम इतने कम मार्जिन से क्यों जीते? इसमें अलग से बताने जैसी बात कुछ भी नहीं है। हारने वाली सीटों में घोसी की अलग से चर्चा करने का कोई अर्थ नहीं है।
मुझे हर कोई दबाना चाहता है- राजभर
इस बीच खबर आ रही है कि बलिया जिला के रसड़ा, मीरनगंज स्थित सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के केंद्रीय कार्यालय पर राजभर ने एक बैठक की। बैठक लोकसभा चुनाव के बाद समीक्षा को लेकर हुई। पार्टी मुखिया और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कार्यकर्ताओं से पार्टी को मां की तरह मानकर काम करने को कहा। इसके साथ ही ओपी राजभर ने कहा कि हर जाति के नेता उनको को दबाना चाहते हैं, लेकिन वह शेर है। पूर्वांचल में वह जो चाहेंगे, वही होगा।कार्यकर्ता और जनता के समर्थन से पार्टी प्रदेश की तीसरी बड़ी पार्टी है।
