लखनऊ
एआईआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने मुसलमानों पर बढ़ रही हमले की घटनाओं को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर हमला बोला है। ओवैसी ने सोशल मीडिया X पर लिखा है- ‘चुनाव के नतीजों के बाद मुल्क के कई हिस्सों में मुसलमानों पर हमले बढ़ रहे हैं। उत्तर प्रदेश में 2 मौलानाओं का कत्ल कर दिया गया। लखनऊ के अकबरनगर में मुसलमानों के घर पर बुलडोजर चला दिया गया। छत्तीसगढ़ में दो मुसलमानों को Lynch कर दिया गया। क्या संघ परिवार मुसलमानों से बदला ले रहा है?’
गौरतलब है कि ओवैसी लगातार संघ और बीजेपी नेताओं पर हमलावर रहते हैं। पूर्व में वह कह चुके हैं कि देश में खौफ का माहौल पैदा किया जा रहा है। इस माहौल को पैदा करने में उन ताकतों का पूरा हाथ है जिन्होंने महात्मा गांधी की हत्या की। जिन्होंने देश की आजादी में हिस्सा नहीं लिया बल्कि अंग्रेजों का साथ दिया।
नाथूराम गोडसे को बता चुके हैं आतंकवादी
असदु्द्दीन ओवैसी नाथूराम गोडसे को देश का नंबर वन हिंदू आतंकवादी बताया था। एनडीए सरकार पर हमला बोलते हुए ओवैसी कह चुके हैं कि ये लोग मुस्लिमों के साथ अन्याय कर रहे हैं। सरकार मुस्लिमों का महज वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल कर रही है। बीजेपी नहीं चाहती कि मुस्लिम समाज मुख्यधारा में आए। ओवैसी यह भी कह चुके हैं कि संघ के पास दिमाग नहीं है। उनमें मुसलमानों के प्रति 100 फीसदी नफरत भरी हुई है।
