इंदौर,
भाजपा के कद्दावर नेता कैलाश विजयवर्गीय के करीबी मोनू कल्याणे की देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या जेल रोड स्थित विजय भांग घोटा के सामने हुई जब मोनू भगवा बाइक रैली के लिए होर्डिंग पोस्टर लगवा रहे थे। मोनू की हत्या जिन बदमाशों ने की वह उनके घर के आसपास ही रहते हैं। हत्या के बाद मोनू के घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात है। देर रात बीजेपी के वरिष्ठ नेता भी मौके पर पहुंचे थे। मोनू भाजपा युवा मोर्चा के नगर उपाध्यक्ष थे। पुलिस के मुताबिक पुरानी रंजिश के चलते पीयूष और अर्जुन ने मोनू कल्याणे को गोली मारी. फिलहाल दोनों आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है.
इंदौर के विधानसभा क्रमांक 03 की राजनीति में दखल रखने वाले मोनू कल्याणे की गिनती कैलाश विजयवर्गीय के बेटे पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय के खास लोगो में होती थी. गोली लगने से घायल मोनू को लेकर उनके साथी अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस के मुताबिक मोनू कल्याणे शनिवार रात भगवा यात्रा की तैयारी कर रहे थे. इसी दौरान पीयूष और अर्जुन नाम के दो युवक बाइक से चिमनबाग चौराहे पर पहुंचे.
दोनों बाइक पर बैठे-बैठे मोनू के साथ कुछ चर्चा करने लगे. इसी दौरान बाइक पर पीछे बैठे अर्जुन ने पिस्टल निकालर मोनू कल्याणे पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और पीयूष के साथ मौके से फरार हो गया. आरोपियों ने चिमनाबाग चौराहे पर मौजूद मोनू के दोस्तों पर भी फायरिंग की, लेकिन वे बच गए. कैलाश विजयवर्गीय के बेटे और इंदौर 03 विधानसभा के पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय अपने समर्थकों के साथ मोनू के घर पहुंचे और उनके परिजनों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया.
भाजपा के कद्दावर नेता के खास थे मोनू
मोनू कल्याणे भारतीय जनता युवा मोर्चा के नगर उपाध्यक्ष थे। इसके अलावा वह भाजपा के कद्दावर नेता कैलाश विजयवर्गीय और आकाश विजयवर्गीय के खास माने जाते थे। मोनू हर साल अपने इलाके में भव्य कार्यक्रम करवाते थे, जिनमें भाजपा के वरिष्ठ नेता और अन्य लोग भी शामिल होते थे। मोनू भाजपा के बड़े नेताओं के भी खास थे। सूचना के बाद आकाश विजयवर्गीय और अन्य नेता रात में परिवार के पास पहुंचे थे। एडिशनल डीसीपी राम स्नेही मिश्रा के मुताबिक़ आरोपी की पहचान कर ली गई है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम रवाना कर दी गई है।
