अहमदाबाद,
गुजरात में पीछले 30 सालों से भाजपा का शासन है. वहीं लोकसभा में भी कांग्रेस पीछले तीन चुनाव से लगातार करारी हार का सामना कर रही है. हालांकि इस बार के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस अपना खाता खोलने में कामयाब रही. यही कारण है कि पार्टी काफी उत्साहित दिख रही है. ऐसे में शनिवार को राहुल गांधी गुजरात दौरे पर आ रहे हैं. दरअसल, पूरे देश में आए नतीजों ने गुजरात कांग्रेस में भी जान फूंकी है. ऐसे में 1 जुलाइ को लोकसभा में दिए अपने भाषण में राहुल गांधीने भाजपा को चेलेंज करते हुए कहा था कि इस बार INDIA ब्लॉक गुजरात में भाजपा को हराएगा.
वहीं 2 जुलाई को राहुल गांधी के हिंदुओं पर दिए बयान पर पहले बजरंग दल और फिर भाजपा के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया. भाजपा के विरोध के दौरान भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच में पथराव और हिंसक झडप हुई, जिसके बाद कांग्रेस के 5 नेताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया. इसके विरोध में गुजरात कांग्रेस ने राहुल गांधी को न्यौता दिया था, जिसे स्वीकार करते हुए राहुल गांधी कल शनिवार को गुजरात आ रहे हैं. यहां वे कार्यकर्ताओ को संबोधित करेंगे.
दरअसल, गुजरात में लंबे अरसे से कांग्रेस सत्ता से बाहर है. ऐसे में राहुल गांधी और कांग्रेस के लिए भाजपा का मजबूत गढ़ माने जाने वाले गुजरात में अच्छा प्रदर्शन करना ही बड़ा चैलेंज है. राहुल गांधी इस दौरे के दौरान कार्यकर्ताओं से मिलेंगे. साथ ही गुजरात की पांच बड़ी दुर्घटना- राजकोट अग्निकांड, सुरत तक्षशिला अग्निकांड, वडोदरा हरनी बोट दुर्घटना, मोरबी झुलता पुल दुर्घटना और बोटाद जहरीली शराब कांड के पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे और उनको न्याय मिला या नहीं, उस पर बात करेंगे.
