नई दिल्ली ,
विनेश फोगाट को पेरिस ओलंपिक में डिस्क्वालिफाई (अयोग्य) घोषित किया गया है. वह 50 किलोग्राम रेसलिंग के फाइनल में पहुंची थी. उनका वजन इवेंट के दूसरे दिन 50 किलोग्राम वर्ग में अधिक वजन पाया गया है. विनेश के अचानक डिस्क्वालिफाई (अयोग्य) होने के बाद हडकंप मच गया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी विनेश के अयोग्य होने के बाद एक पोस्ट शेयर किया. अपने पोस्ट में उन्होंने विनेश के खेल की तारीफ की.
विनेश के मेडल से चूक जाने के बाद पीएम मोदी ने भी दुख जताया और उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखा- विनेश, आप चैंपियनों में चैंपियन हैं! आप भारत का गौरव हैं और हर भारतीय के लिए प्रेरणा हैं. आज की असफलता दुख देती है. काश मैं शब्दों में उस निराशा को व्यक्त कर पाता जो मैं अनुभव कर रहा हूं. साथ ही, मैं जानता हूं कि आप लचीलेपन की प्रतिमूर्ति हैं. चुनौतियों का सामना करना हमेशा से आपका स्वभाव रहा है. और मजबूत होकर वापस आओ! हम सब आपके लिए प्रार्थना कर रहे हैं.
29 साल की विनेश को 50 किलोग्राम रेसलिंग में डिस्क्वालिफाई (अयोग्य) किया गया है, विनेश का वजन जब थोड़ा बड़ा हुआ आया तो उन्होंने इसे कम करने की भी कोशिश की. चूंकि आज (7 अगस्त) को गोल्ड मेडल का इवेंट होना था, लेकिन वह ज्यादा निकला. विनेश फोगाट को पेरिस ओलंपिक में अयोग्य घोषित जाने के बाद बताया गया कि उनका वजन 50 किलो से मेल नहीं खा रहा था. भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) ने इसे लेकर अपडेट भी दिया.
IOA ने कहा- यह खेदजनक है कि भारतीय दल महिला कुश्ती 50 किग्रा वर्ग से विनेश फोगाट के अयोग्य घोषित होने की खबर साझा करता है. रात भर टीम द्वारा किए गए बेहतरीन प्रयासों के बावजूद, आज सुबह उनका वजन 50 किग्रा से कुछ ग्राम अधिक था. इस समय दल द्वारा कोई और टिप्पणी नहीं की जाएगी. भारतीय दल आपसे विनेश की निजता का सम्मान करने का अनुरोध करता है.
अमेरिका की पहलवान से होना था मुकाबला
भारतीय स्टार पहलवान विनेश फोगाट के फाइनल में पहुंचने के बाद यह माना जा रहा था कि वह गोल्ड मेडल जीत लेंगी. विनेश फोगाट ने मंगलवार को महिला 50 किग्रा फ्रीस्टाइल इवेंट के सेमीफाइनल में क्यूबा की रेसलर युसनेइलिस गुजमैन (Yusneylys Guzman) को 5-0 से करारी शिकस्त दी थी. विनेश का फाइनल बुधवार (7 अगस्त) को यूएसए की एन सारा हिल्डेब्रांट से होना था. इससे पहले उन्होंने प्री क्वार्टरफाइनल में 50 किग्रा में ओलंपिक चैम्पियन और चार बार की विश्व चैम्पियन युई सुसाकी को हराया था.
विनेश ने रियो ओलंपिक में किया था डेब्यू
विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता और राष्ट्रमंडल खेलों, एशियाई खेलों और एशियाई चैंपियनशिप की स्वर्ण पदक विजेता, विनेश इतिहास की सबसे सफल भारतीय पहलवानों में से एक हैं, लेकिन ओलंपिक खेलों में अयोग्य घोषित होने के बाद उनका सपना टूट गया. प्रसिद्ध फोगाट बहनों में से एक विनेश ने रियो 2016 में महिलाओं की 48 किग्रा फ्रीस्टाइल श्रेणी में ओलंपिक में डेब्यू किया था, लेकिन घुटने में गंभीर चोट लगने के कारण उन्हें क्वार्टरफाइनल मुकाबले से हटना पड़ा था. टोक्यो 2020 में महिलाओं के 53 किग्रा क्वार्टरफाइनल में जीत की प्रबल दावेदार मानी जा रही विनेश को एक बार फिर क्वार्टरफाइनल में हार का सामना करना पड़ा. पेरिस ओलंपिक में भी उनका वजन ज्यादा निकला, इस कारण वह डिसक्वालिफाई (अयोग्य) कर दी गईं
