नई दिल्ली
कांग्रेस ने चार राज्यों के विधानसभा चुनावों के मद्देनजर तैयारी शुरू कर दी है। उसी क्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने तारिक हमीद कर्रा को जम्मू-कश्मीर PCC का अध्यक्ष और तारा चंद और रमन भल्ला को जम्मू-कश्मीर PCC का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। उधर कांग्रेस ने झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले अपने वरिष्ठ नेता केशव महतो कमलेश को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया। इसी तरह, पार्टी ने महाराष्ट्र विधानसभा से पहले राज्य के वरिष्ठ नेता बालासाहेब थोराट को कांग्रेस कार्यसमिति का सदस्य तथा आरिफ नसीम खान को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया। महाराष्ट्र और झारखंड में अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं।
पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कमलेश को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया। विज्ञप्ति के अनुसार रामेश्वर उरांव को झारखंड में कांग्रेस विधायक दल का नेता नियुक्त किया गया है। कमलेश ने राजेश ठाकुर और उरांव ने आलमगीर आलम का स्थान लिया है। महाराष्ट्र में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सैयद मुजफ्फर हुसैन को प्रदेश काग्रेस कमेटी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है।
जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में कब हैं चुनाव?
चुनाव आयोग ने शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर और हरियाणा विधानसभा चुनावों के लिए तारीखों का ऐलान कर दिया है।जम्मू-कश्मीर में चुनाव तीन चरणों में होगा जबकि हरियाणा में एक ही चरण में चुनाव संपन्न कराया जाएगा। दोनों राज्यों के लिए पड़ने वाली वोटों का परिणाम 4 अक्टूबर को आएगा। चुनावों की घोषणा के साथ ही दोनों राज्यों में आदर्श आचार संहिता भी लागू हो गई। हालांकि, जम्मू-कश्मीर और हरियाणा के साथ अन्य दो राज्य महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव नहीं कराए जाएंगे। इनकी घोषणा बाद में की जाएगी। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि 19 अगस्त को अमरनाथ यात्रा संपन्न होने के अगले दिन 20 अगस्त को ही 90 विधानसभा सीटों वाले जम्मू-कश्मीर में पहले चरण के चुनाव के लिए अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।