19 C
London
Tuesday, June 23, 2026
Homeराजनीतिमंत्री की सीट पर मंत्री, दलबदलुओं पर दांव... राज्यसभा की BJP उम्मीदवारों...

मंत्री की सीट पर मंत्री, दलबदलुओं पर दांव… राज्यसभा की BJP उम्मीदवारों की लिस्ट में क्या है?

Published on

नई दिल्ली,

राज्यसभा की नौ सीटों पर उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है. केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को पार्टी ने राजस्थान से राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है. वहीं, केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कूरियन को मध्य प्रदेश से टिकट दिया गया है. बिहार से मनन कुमार मिश्रा, हरियाणा से किरण चौधरी, महाराष्ट्र से धैर्यशील पाटिल राज्यसभा उपचुनाव में बीजेपी के उम्मीदवार होंगे.

बीजेपी ओडिशा से ममता मोहंता, असम से रामेश्वर तेली और मिशन रंजन दास, त्रिपुरा से राजीव भट्टाचार्य को उच्च सदन में भेज रही है. राज्यसभा उपचुनाव के लिए बीजेपी उम्मीदवारों की लिस्ट में दलबदलुओं पर दांव है तो साथ ही कैडर को बैलैंस करने की कवायद भी. बीजेपी उम्मीदवारों की लिस्ट में क्या खास है?

मंत्री की सीट पर मंत्री
मोदी सरकार में मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद थे. सिंधिया ने गुना संसदीय सीट से लोकसभा चुनाव में मिली जीत के बाद राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था. केंद्रीय मंत्री सिंधिया के इस्तीफे से रिक्त हुई राज्यसभा सीट के लिए हो रहे उपचुनाव में बीजेपी ने एक केंद्रीय मंत्री को ही उम्मीदवार बनाया है. बीजेपी ने मध्य प्रदेश की इस सीट से उपचुनाव में केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन को टिकट दिया है. साल 1980 में बीजेपी की स्थापना के समय से ही वह पार्टी में हैं और सुप्रीम कोर्ट के वकील भी हैं. केरल बीजेपी के उपाध्यक्ष जॉर्ज कुरियन को हालिया लोकसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था.

वोकल फॉर लोकल
राज्यसभा उपचुनाव के लिए बीजेपी उम्मीदवारों की लिस्ट में पीएम मोदी के वोकल फॉर लोकल नारे की भी झलक है. बीजेपी ने अधिकतर राज्यों की सीट पर स्थानीय चेहरे ही उतारे हैं. मध्य प्रदेश से जॉर्ज कुरियन और राजस्थान से रवनीत बिट्टू, इन दो को छोड़ दें तो हर राज्य की सीट से उसी राज्य के नेता को उम्मीदवार बनाया गया है. हरियाणा से किरण चौधरी हों, बिहार से मनन कुमार मिश्रा हों या त्रिपुरा से राजीव भट्टाचार्य, बीजेपी ने स्थानीय चेहरे उतारने पर ही फोकस किया है. कुरियन और बिट्टू जिस राज्य से आते हैं, वहां की किसी सीट के लिए न तो उपचुनाव हो रहे हैं और ना ही विधानसभा में बीजेपी किसी को राज्यसभा भेजने की स्थिति में है. ऐसे में इन दो केंद्रीय मंत्रियों का किसी दूसरे राज्य से राज्यसभा जाना मंत्री पद की शपथ के साथ ही तय हो गया था.

दलबदलुओं पर दांव
आठ राज्यों की नौ राज्यसभा सीटों के लिए हो रहे उपचुनाव में बीजेपी ने चार दलबदलुओं पर दांव लगाया है. इन चार में से दो कांग्रेस से आए नेता हैं. महाराष्ट्र की शेतकारी कामगार पक्ष और ओडिशा की बीजू जनता दल से छोड़ बीजेपी में आए एक-एक नेता को भी राज्यसभा का टिकट दिया गया है. पंजाब कांग्रेस का कद्दावर चेहरा रहे रवनीत सिंह बिट्टू लोकसभा चुनाव से ठीक पहले बीजेपी में आए थे. बीजेपी ने बिट्टू को लुधियाना लोकसभा सीट से उम्मीदवार भी बनाया लेकिन वे हार गए थे. हार के बावजूद मोदी सरकार 3.0 में बिट्टू को मंत्री बनाया गया. बिट्टू को बीजेपी ने राजस्थान से उम्मीदवार बनाया है.

दलबदलुओं में दूसरा बड़ा नाम है किरण चौधरी का. कभी हरियाणा कांग्रेस के प्रमुख नेताओं में गिनी जाने वाली किरण चौधरी बंसी लाल की बहु हैं. वह दो महीने पहले ही बीजेपी में शामिल हुई थीं और अब पार्टी ने उन्हें राज्यसभा उम्मीदवार बना दिया है. किरण चौधरी जाट चेहरा हैं और माना जा रहा है कि उन्हें उच्च सदन में भेजकर नाराज बताए जा रहे जाट मतदाताओं को संदेश देना चाहती है.

बीजू जनता दल से राज्यसभा सांसद रहीं ममता मोहंता इसी महीने की शुरुआत में उच्च सदन की सदस्यता से इस्तीफा देकर बीजेपी में शामिल हो गई थीं. बीजेपी ने ममता को उनके ही इस्तीफे से रिक्त हुई सीट पर उपचुनाव में उम्मीदवार बना दिया है. महाराष्ट्र से पार्टी ने शेतकारी कामगार पक्ष (पीडब्ल्यूपी) से आए धैर्यशील पाटिल को टिकट दिया है. धैर्यशील पिछले साल बीजेपी में शामिल हुए थे. धैर्यशील 2014 में पेन विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर विधायक बने थे लेकिन 2019 के महाराष्ट्र चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार से उनको मात मिली थी.

कैडर को भी बैलेंस किया है. पार्टी ने असम से मिशन रंजनदास को राज्यसभा उपचुनाव में उम्मीदवार बनाया है. मिशन चार बार के विधायक हैं और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पृष्ठभूमि से हैं. असम की दूसरी सीट पर बीजेपी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री रामेश्वर तेली को उम्मीदवार बनाया है. तेली डिब्रूगढ़ से बीजेपी सांसद थे लेकिन लोक सभा चुनाव में उनका टिकट काट पार्टी ने इस सीट से सर्बानंद सोनोवाल को लड़ाया था. पार्टी ने अब तेली को राज्यसभा की सीट दी है. त्रिपुरा की सीट से बीजेपी उम्मीदवार राजीव भट्टाचार्य भी संघ के पुराने कार्यकर्ता हैं और फिलहाल प्रदेश में पार्टी की कमान संभाल रहे हैं.

वकीलों पर भी फोकस
राज्यसभा उपचुनाव में वकीलों को उच्च सदन में भेजने पर बीजेपी का फोकस भी नजर आ रहा है. पार्टी ने सुप्रीम कोर्ट के दो वकीलों को उम्मीदवार बनाया है. केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन भी सुप्रीम कोर्ट के वकील हैं और बिहार से बीजेपी उम्मीदवार मनन कुमार मिश्रा भी सर्वोच्च अदालत में वकालत करते हैं. मनन कुमार मिश्रा बार काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष भी रहे हैं.

Latest articles

सोमनाथ मंदिर राष्ट्रीय स्वाभिमान और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सोमनाथ मंदिर भारत के राष्ट्रीय स्वाभिमान, सांस्कृतिक...

जिला आधारित विकास मॉडल विकसित राजस्थान का आधार : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि जिला आधारित विकास मॉडल विकसित राजस्थान की...

विकसित भारत शिक्षा अधिनियम विधेयक-2025 पर सीएम भगवंत मान की आपत्ति, केंद्र से पुनर्विचार की मांग

चंडीगढ़। भगवंत मान ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पत्र लिखकर प्रस्तावित ‘विकसित...

More like this

एक जिला एक उत्पाद’ नीति से राजस्थान के स्थानीय उत्पादों को मिल रही वैश्विक पहचान

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने...

1 अप्रैल से भोपाल में प्रॉपर्टी खरीदना होगा महंगा, 740 लोकेशन पर बढ़ेगी कलेक्टर गाइड लाइन

भोपाल राजधानी भोपाल में 1 अप्रैल से प्रॉपर्टी खरीदना महंगा हो जाएगा। जिले की कुल...

इंद्रपुरी लेबर कॉलोनी को बचाने के लिए कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन: पट्टा धारियों के घर तोड़ने की कार्रवाई का विरोध

भोपाल राजधानी के वार्ड 66 स्थित इंद्रपुरी लेबर कॉलोनी के निवासियों के आशियानों पर मंडरा...