— “विद्युत, सोलर, गैस और तेल नव भारत गढ़े बीएचईएल” थीम पर सजेगीं झाकियां
— ब्लॉकों में झाँकी एवं सर्वोत्तम शॉप रख-रखाव प्रतियोगिता का भी होगा आयोजन
भोपाल।
आगामी 17 सितंबर को भेल कारखाना परिसर में विश्वकर्मा पूजा का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस दौरान कारखाने के विभिन्न ब्लॉकों में झाँकी एवं सर्वोत्तम शॉप रख-रखाव प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया है। इस वर्ष झॉकी की थीम “विद्युत, सोलर, गैस और तेल नव भारत गढ़े बीएचईएल” रखा गया है।
हर साल की तरह इस वर्ष भी 17 सितंबर को कारखाने में प्रात: 7.00 से दोपहर 1.00 बजे तक विश्वकर्मा पूजा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। विश्वकर्मा पूजा में सम्मिलित होने के लिए कर्मचारी और उनके परिवार के सदस्यों को उनके द्वारा पहचान पत्र (स्मार्ट कार्ड) तथा चिकित्सा पत्र दिखाए जाने पर चिकित्सा पत्र में उल्लेखित परिवार के सदस्यों के विवरण अनुसार तथा ठेका श्रमिकों (कॉन्ट्रेक्ट लेबर) तथा उनके पति—पत्नी एवं बच्चों को भी पहचान पत्र (स्मार्ट कार्ड) एवं ईएसआईकार्ड में दिए गए ब्यौरों अनुसार प्रवेश द्वार 1,5 एवं 6 से प्रवेश दिया जाएगा।
बीएचईएल भोपाल से सेवानिवृत्त कर्मचारी जो बीएचईएल-आरईसीएचएस के सदस्य हैं, वे अपनी फोटो मेडिकल पुस्तिका के साथ आधार कार्ड प्रस्तुत करके प्रवेश द्वार 1 एवं 6 से कारखाने में प्रवेश कर सकते हैं । कारखाने के अंदर किसी भी तरह की विस्फोटक सामग्री, घातक हथियार, टेप रिकार्डर—ट्रांजिस्टर, हैण्ड बैग, कैमरा, दूरबीन तथा कैमरे वाला मोबाईल लाने की अनुमति नहीं है।
इसके साथ साथ दर्शकों को यूएचवी प्रयोगशाला, गैस एवं पॉवर प्लांट, ज्वलनशील भंडार, सीआईटी विभाग, संगणक भवन, टेलीफोन एक्सचेंज, प्रशासनिक भवन, हाइड्रो प्रयोगशाला, कंट्रोलगियर प्रयोगशाला, सीईटी प्रयोगशाला, परीक्षण प्रयोगशालाएं, समस्त अनेक्सी एवं इलेक्ट्रोप्लेटिंग शॉप में जाने की अनुमति नहीं होगी। दर्शकों के लिए आवश्यक है कि वे कारखाने में अनुशासन बनाए रखें तथा बगैर उल्लेखित पहचान पत्र के प्रवेश न करें अन्यथा उनके विरूध अनुशासनात्मक—कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
