— विश्वकर्मा जयंती पर कारखाने के विभिन्न विनिर्माण खंडों में “विद्युत, सोलर, गैस और तेल नव भारत गढ़े बीएचईएल” के थीम पर सजाई थीं झांकियां
भोपाल।
बीएचईएल भोपाल में विश्वकर्मा जयंती बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस बार विश्वकर्मा जयंती पर कारखाने के विभिन्न विनिर्माण खंडों में बीएचईएल की “विद्युत, सोलर, गैस और तेल नव भारत गढ़े बीएचईएल” के थीम पर झांकियां तैयार की गईं।
बीएचईएल भोपाल यूनिट के कार्यपालक निदेशक एसएम रामनाथन ने सभी कर्मचारियों तथा उनके परिवार के सदस्यों को श्री विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बीएचईएल का कर्मचारी हर कार्य करने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने सभी से आग्रह कर कहा कि हम सभी को वर्ष के टर्नओवर लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए एक टीम के रूप में समान उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ कड़ी मेहनत करनी होगी।
श्री विश्वकर्मा झांकी के निर्णायक मंडल के सदस्य पीके श्रीवास्तव, एचआर पटेल तथा आशीष ओरंगाबादकर, महाप्रबंधकगण के साथ विनिर्माण ब्लॉकों में तैयार झांकियों का अवलोकन कर पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि दिव्य वास्तुकार भगवान विश्वकर्मा कारीगरों, इंजीनियरों और शिल्पकारों के देवता के रूप में प्रतिष्ठित हैं। उनकी असीम रचनात्मकता और कौशल ने पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का काम किया है ।
कार्यक्रम के अंत में कारखाने में तैयार झांकियों के लिए पुरस्कारों की भी घोषणा की गई । उत्पाद श्रेणी में एससीआर, टीजीएम, टीसीबी तथा एसटीएम ग्रुप ने पहला, द्वितीय, तृतीय और सांत्वना पुरस्कार जीता। इसी प्रकार सेवा श्रेणी में सीआईएम, एचआरडी, डब्ल्यूईएक्स तथा पीआरएम ने प्रथम, द्वितीय, तृतीय और सांत्वना पुरस्कार जीता। 5-एस श्रेणी में टीजीएम, टीसीबी, एससीआर एवं जीजेबी उत्पाद समूह में प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार जीता । इसी प्रकार सेवा श्रेणी में एफसीएक्स, सीआईएम तथा पीआरएम एवं एचआरडी ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार जीता। इसके निर्णायक मंडल में सपन सुहाने, विनोदानन्द झा तथा अंशुमान दीक्षित अपर महाप्रबंधक शामिल थे।
