— ठेका श्रमिक संस्थाओं के सफाई कर्मचारियों को प्रदान की जा रही सुविधाओं के बारे में ली जानकारी
भोपाल।
बीएचईएल भोपाल में शुक्रवार को राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग की उपाध्यक्ष, श्रीमती अंजना पंवार ने सफाई कर्मचारियों से संबंधित विषयों पर एक समीक्षा बैठक ली । इस अवसर पर एस एम रामनाथन, कार्यपालक निदेशक, बीएचईएल भोपाल, सभी महाप्रबंधकगण, सम्पर्क अधिकारी (लाईजन ऑफिसर अनुसूचित जाति), अनुसूचित जनजाति एसोसिएशन के प्रतिनिधि, ठेका श्रमिक संस्थाओं के ठेका मालिक/सुपरवाइज़र एवं सफाई कर्मचारियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे ।
राजेश कुमार अग्रवाल, महाप्रबंधक (एसओएम) ने बीएचईएल भोपाल के बारे में संक्षिप्त में जानकारी दी एवं बीएचईएल, भोपाल के निर्मित उत्पादों समेत उत्पादन क्षमताओं पर प्रस्तुतीकरण दिया । श्रीमती पंवार ने बीएचईएल, भोपाल में कार्यरत ठेका श्रमिक संस्थाओं के सफाई कर्मचारियों को प्रदान की जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली । उन्होंने दैनिक जीवन में सफाई कर्मचारियों द्वारा दिये जा रहे योगदान के महत्व पर प्रकाश डाला । उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा आरंभ किये गए स्वच्छ भारत मिशन में सफाई कर्मचारियों के योगदान का उल्लेख किया तथा कोरोना के समय में सफाई कर्मचारियों के बहुमूल्य योगदान की भी सराहना की ।
श्रीमती अंजना पंवार ने बीएचईएल भोपाल में ठेका श्रमिक संस्थाओं के माध्यम से कार्यरत सफाई कर्मचारियों को मिल रही सुविधाओं तथा उनकी समस्याओं के बारे में भी चर्चा की और बीएचईएल भोपाल में सफाई कर्मचारियों को दी जा रही सुविधाओं में सुधार तथा उनमें वृद्धि करने की यथासम्भव कोशिश करने पर बल दिया । सभी उपस्थित सदस्यों ने राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अधिकार क्षेत्रों एवं आयोग द्वारा सफाई कर्मचारियों के हित में किये जा रहे प्रावधानों के बारे में जाना । कार्यक्रम का संचालनआरिफ अहमद सिद्दीकी, अपर महाप्रबंधक (मा.सं) द्वारा किया गया ।
