— कस्तूरबा चिकित्सालय द्वारा इंद्रप्रस्थ अपोलो हॉस्पीटल नई दिल्ली के सहयोग सुपर स्पेशलिस्ट ओपीडी एवं जन जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ
भेल भोपाल।
बीएचईएल भोपाल के कस्तूरबा चिकित्सालय द्वारा इंद्रप्रस्थ अपोलो हॉस्पीटल नई दिल्ली के सहयोग से सुपर स्पेशलिस्ट ओपीडी एवं जन जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ भेल के कार्यपालक निदेशक एसएम रामनाथन ने दीप प्रज्जवलन कर किया। इस अवसर पर बीके सिंह, महाप्रबंधक (मा.सं.), डॉ. राजू वैश्य, वरिष्ठ सलाहकार, हड्डी रोग, डॉ. गौरव सागर, वरिष्ठ सलाहकार नेफ्रोलॉजी एवं रीनल विशेषज्ञ तथा डॉ. सप्तर्षि भट्टाचार्य वरिष्ठ सलाहकार एंडोक्राइनोलॉजी तथा डॉ. (श्रीमती) अल्पना तिवारी, मुख्य चिकित्सा सेवाएं कस्तूरबा चिकित्सालय उपस्थित थे ।
अपने उदबोधन में श्री रामनाथन ने मधुमेह तथा ऑस्टियोपोरोसिस से संबंधित सुझाव देते हुए इनसे सचेत रहने पर बल दिया तथा कहा कि सदैव चिकित्सक की सलाह से उपचार लें। जन समुदाय को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि इस प्रकार के जन जागरूकता कार्यक्रमों से कर्मचारियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ती है। उन्होंने ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन के लिए चिकित्सा विभाग की सराहना की। स्वागत संबोधन में डॉ. तिवारी ने सभी को कार्यक्रम का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा निरोगी रहने एवं समुचित रोकथाम हेतु सलाह दी।
कस्तूरबा चिकित्सालय में आयोजित सुपर स्पेशलिस्ट ओपीडी में डॉ. राजू वैश्य, डॉ. गौरव सागर, डॉ. सप्तर्षि भट्टाचार्य ने बीएचईएल के कर्मचारियों तथा उनके परिजनों को अपनी सेवाएं प्रदान की। इसके उपरांत सांस्कृतिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. वैश्य ने ऑस्टियोपोरोसिस के प्रभाव, निदान एवं उपचार तथा डॉ. भट्टाचार्य ने एंडोक्राइनोलॉजी विषय पर मधुमेह के बारे में मिथक, उपचार एवं निदान पर व्याख्यान दिए। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन डॉ. रिम्मी सेठी ने किया।
