नई दिल्ली,
अमेरिकी राजदूत एरिक गार्सेटी बुधवार को वाराणसी घाट पहुंचे और गंगा आरती देखी. उन्होंने गंगा आरती देखने के बाद वाराणसी की खूब तारीफ की. इसे लेकर उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने अनुभव शेयर किए. राजदूत ने एक्स पर कई पोस्ट में भारत के आध्यात्मिक शहर की अपनी यात्रा की तस्वीरें साझा कीं.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा, ‘अस्सी घाट से गंगा पर सूर्योदय का अनुभव करना किसी शानदार अनुभव से कम नहीं था. इस पल को इतने सारे लोगों के साथ साझा करना कितनी खुशी की बात है, जो इतनी खूबसूरती देखने के लिए सुबह-सुबह एकत्र हुए थे!’ गार्सेटी ने एक अन्य पोस्ट में गंगा के तट पर आरती देखने का अनुभव शेयर किया.
‘वाराणसी, तुमने मेरी आत्मा को छू लिया है’
उन्होंने कहा, ‘दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती सिर्फ़ एक समारोह से कहीं बढ़कर थी, यह इस बात की एक सुंदर याद दिलाती है कि परंपराएं हमें कैसे आकार देती हैं. नदी के पानी पर रिफ्लेक्ट होती रोशनी और रात में गूंजती घंटियों की आवाज एक अविस्मरणीय माहौल बनाती है. वाराणसी, तुमने मेरी आत्मा को छू लिया है.’
वाराणसी भारत के सबसे पुराने शहरों में से एक है और अपने पुराने घाटों के अलावा काशी विश्वनाथ मंदिर सहित अपने पवित्र स्थलों के लिए जाना जाता है. हाल ही में, गार्सेटी दुर्गा पूजा समारोह देखने के लिए कोलकाता गए थे.
इससे पहले, अमेरिकी राजदूत ने लिखा, ‘नमस्ते वाराणसी! मैं आखिरकार ‘प्रकाश के शहर’ की यात्रा करने के लिए उत्साहित हूं. इस जीवंत शहर के खूबसूरत घाटों, प्राचीन मंदिरों और कालातीत परंपराओं को देखने के लिए उत्सुक हूं.’
दुर्गा पूजा देखने कोलकाता गए थे
उन्होंने 12 अक्टूबर को एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, ‘दुर्गा पूजा के दौरान कोलकाता में पंडालों में घूमना एक अनोखा अनुभव है! हर पंडाल और घर की पूजा एक कहानी कहती है और मौसम की अनूठी भावना और विरासत का जश्न मनाती है. कला, इतिहास, संस्कृति और समुदाय के इस खूबसूरत मिश्रण का हिस्सा बनना सम्मान की बात है.’
