मॉस्को
रूस और यूक्रेन के युद्ध में उत्तर कोरिया के कई सैनिक मारे गए हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने शुक्रवार को कहा कि यूक्रेन की सेना की ओर से पकड़े जाने के बाद कई गंभीर रूप से घायल उत्तर कोरियाई सैनिक अपनी चोटों के कारण मारे गए। जेलेंस्की ने शुक्रवार को एक संबोधन में कहा कि हमारे सैनिक उन्हें बंदी बनाने में सफल रहे। लेकिन वे गंभीर रूप से घायल थे, जिस कारण वे बचाए नहीं जा सके। उन्होंने यह नहीं बताया कि कितने सैनिक पकड़े गए। माना जा रहा है कि ये सैनिक यूक्रेन की ओर से युद्धबंदी बनाए गए पहले उत्तर कोरियाई सैनिक हैं।
दक्षिण कोरिया की न्यूज एजेंसी योनहाप के मुताबिक खुफिया सूत्रों ने बताया कि यूक्रेन की ओर से पकड़ा गया एक घायल उत्तर कोरियाई सैनिक अपनी चोटों के कारण मारा गया। अमेरिकी और यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक उत्तर कोरियाई सैनिकों को रूस के पश्चिमी कुर्स्क क्षेत्र में पुतिन की सेना के लिए लड़ते हुए भारी नुकसान झेलना पड़ा है। अगस्त में यूक्रेन ने कुर्स्क क्षेत्र में एक तेज हमला किया, जिससे रूस को खतरे का मुकाबला करने के लिए सैनिकों को तैनात करना पड़ा।
‘उत्तर कोरियाई सैनिकों की जान की कीमत नहीं’
जेलेंस्की ने कहा कि उत्तर कोरियाई सेना को भारी नुकसान हो रहा है और रूस पर उन्हें ‘न्यूनतम सुरक्षा’ के साथ युद्धक्षेत्र में भेजने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘उनका बहुत नुकसान हो रहा है। हम देखते हैं कि रूसी सेना और उत्तर कोरियाई पर्यवेक्षकों को इन कोरियाई सैनिकों के जीवन की बिल्कुल भी परवाह नहीं है।’ दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी ने शुक्रवार को कहा कि उसने सहयोगियों के साथ इंटेलिजेंस के जरिए बंदी बनाने की जानकारी प्राप्त की, लेकिन किसी देश का नाम नहीं लिया।
यूक्रेन के खिलाफ लड़ रहे उत्तर कोरियाई सैनिक
रूस और उत्तर कोरिया दोनों ने ही पुतिन की सेना में उत्तर कोरियाई सैनिकों की मौजूदगी को आधिकारिक रूप से स्वीकार नहीं किया है। हालांकि अमेरिका, यूक्रेन और दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसियों का अनुमान है कि रूस में उत्तर कोरियाई सैनिकों की संख्या 11,000 से 12,000 के बीच है। कुर्स्क के हिस्सों पर फिर से कब्जे के लिए रूस ने कई उत्तर कोरियाई सैनिकों को मैदान में उतारा। यूक्रेन का अनुमान है कि कुर्स्क में 3,000 से ज्यादा उत्तर कोरियाई सैनिक मारे गए या घायल हुए हैं।
