10.1 C
London
Sunday, April 19, 2026
Homeअंतरराष्ट्रीयविमान हादसे में 179 लोगों की मौत के बाद दक्षिण कोरिया ने...

विमान हादसे में 179 लोगों की मौत के बाद दक्षिण कोरिया ने उठाया बड़ा कदम, सभी बोइंग 737-800 एयरक्राफ्ट की करेगा जांच

Published on

सियोल

नए साल के पहले दक्षिण कोरिया में हुए भीषण हादसे ने देश को हिलाकर रख दिया है। रविवार 29 दिसम्बर को को दक्षिण कोरियाई एयरलाइंस जेजू का बोइंग विमान मुआन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरते समय क्रैश हो गया था। विमान में सवार 181 लोगों में से 179 मारे गए थे। रविवार का हादसा बीते कई दशकों के विमान हादसों में सबसे भीषण था। इसके बाद दक्षिण कोरिया ने सभी बोइंग विमानों की जांच का फैसला किया है। अधिकारियों ने कहा कि वे देश की विमानन कंपनियों द्वारा संचालित सभी बोइंग 737-800 विमानों की सुरक्षा जांच करेंगे।

हालांकि, कई लोग इस बात को लेकर चिंतित हैं कि दक्षिण कोरिया की सरकार कैसे प्रभावी तरीके से रविवार की घटना के बाद की स्थिति से निपटेगी, क्योंकि देश राष्ट्रपति यून सुक येओल और प्रधानमंत्री हान डक-सू के खिलाफ हाल में महाभियोग चलाने के प्रस्ताव की वजह से नेतृत्व के संकट से जूझ रहा है। इस महीने की शुरुआत में अल्पकालिक ‘मार्शल लॉ’ लागू किए जाने के कारण पैदा हुए राजनीतिक विवाद के बाद राष्ट्रपति यून और प्रधानमंत्री हान महाभियोग का सामना कर रहे हैं।

कार्यवाहक राष्ट्रपति ने की हादसे की समीक्षा
नए कार्यवाहक राष्ट्रपति चोई सांग-मोक ने सोमवार को विमान दुर्घटना पर कार्यबल की बैठक की अध्यक्षता की और परिवहन मंत्रालय एवं पुलिस को दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने मंत्रालय को देश की समग्र विमान संचालन प्रणालियों की आपातकालीन समीक्षा व्यवस्था लागू करने का भी आदेश दिया। चोई उपप्रधानमंत्री और वित्त मंत्री भी हैं। उन्होंने कहा, ‘एक जिम्मेदार प्रतिक्रिया के तहत समग्र रूप से विमानन सुरक्षा प्रणालियों का नवीनीकरण करना होगा, ताकि ऐसी घटनाओं को दोबारा होने से रोका जा सके और एक सुरक्षित दक्षिण कोरिया गणराज्य का निर्माण किया जा सके।’

रनवे पर फिसलकर दीवार से टकराया था विमान
सस्ते हवाई सफर की सुविधा देने वाली दक्षिण कोरियाई विमानन कंपनी ‘जेजू एयर’ द्वारा संचालित बोइंग 737-800 विमान का जमीन पर उतरने का पहला प्रयास विफल रहा था। हालांकि, इसका कारण तत्काल पता नहीं चल पाया है। दूसरे प्रयास में विमान को नियंत्रण केंद्र से चेतावनी का संकेत मिला था, जिसके बाद पायलट ने मदद का संकेत भेजा था। इसके बाद विमान मुआन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रनवे से फिसल गया और कंक्रीट की दीवार से टकरा गया, जिससे उसमें भीषण आग लग गई।

केवल दो लोग बचे जिंदा
इस घटना में विमान में सवार 181 लोगों में से दो को छोड़कर सभी की मौत हो गई। हादसे में बचे दो लोग चालक दल के सदस्य हैं और उन्हें विमान के पिछले हिस्से से निकाला गया। दुर्घटना के बाद यह विमान का एकमात्र हिस्सा था, जिसे पहचाना जा सकता था। ‘डेल्टा एयर लाइन्स’ के पूर्व मुख्य पायलट और अब सलाहकार एलन प्राइस ने कहा कि बोइंग 737-800 एक ‘‘विश्वसनीय विमान’’ है, जो बोइंग 737 मैक्स जेटलाइनर से अलग श्रेणी का विमान है। बोइंग 737 मैक्स जेटलाइनर 2018 और 2019 में घातक दुर्घटनाओं में शामिल था।

जेजू एयर की भी होगी सुरक्षा समीक्षा
दक्षिण कोरिया के परिवहन मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि मंत्रालय देश की विमानन कंपनियों द्वारा संचालित सभी 101 बोइंग 737-800 जेटलाइनर का सुरक्षा निरीक्षण करने की योजना बना रहा है। इसके अलावा, जेजू एयर में सुरक्षा मानकों की व्यापक समीक्षा भी की जाएगी। मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी जू जोंग-वान ने कहा कि जांच में सहयोग के लिए यूएस नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड और बोइंग के प्रतिनिधियों के सोमवार को दक्षिण कोरिया पहुंचने की संभावना है।

कंक्रीट की दीवार को बदलने की चर्चा
मंत्रालय के अधिकारियों ने कहा कि वे यह भी जांच करेंगे कि क्या मुआन हवाई अड्डा पर विमानों के उतरने के दौरान सुरक्षित मार्गदर्शन के लिए बनाई गई दीवार को कंक्रीट के बजाय किसी हल्की सामग्री से बनाया जाना चाहिए, जो टक्कर के बाद आसानी से टूट जाए, क्योंकि हादसा इसी तरह की दीवार से टक्कर के बाद हुआ था।

जू ने कहा कि मंत्रालय ने पाया है कि इसी तरह की कंक्रीट की संरचनाएं अन्य घरेलू हवाई अड्डों पर भी हैं, जिनमें जेजू द्वीप और दक्षिणी शहर येओसु और पोहांग के साथ-साथ अमेरिका, स्पेन और दक्षिण अफ्रीका के हवाई अड्डे शामिल हैं। परिवहन मंत्रालय के विमानन नीति निदेशक जू जोंग-वान ने कहा कि अधिकारियों ने अब तक 141 शवों की पहचान कर ली है और अन्य 38 का डीएनए परीक्षण कराया जा रहा है।

Latest articles

महिला आरक्षण बिल पास नहीं हुआ, PM बोले- माफी मांगता हूं

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राष्ट्र को संबोधित किया। इस दौरान पीएम...

छत्तीसगढ़ की बेटी संजू देवी को 50 लाख की प्रोत्साहन राशि, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया सम्मानित

रायपुर। भारत को कबड्डी विश्वकप और एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक दिलाने वाली छत्तीसगढ़...

राजस्थान की बेटियां हर क्षेत्र में बना रही हैं अपनी विशिष्ट पहचान : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश की छात्राओं के साथ वर्चुअल संवाद के माध्यम...

77वें राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने की शिरकत

जयपुर। राजस्थान पुलिस के 77वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह...

More like this

ट्रम्प बोले- इजराइल और लेबनान 10 दिन के सीजफायर पर राजी, आज रात 2:30 बजे से लागू होगा

दोनों देशों से बात कर सहमति बनाई तेहरान/वॉशिंगटन डीसी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा...

इस्लामाबाद में ईरान-अमेरिका वार्ता: लेबनान पर तकरार, तेहरान और अमेरिका अपनी शर्तों पर अड़े!

नई दिल्ली। लगभग छह हफ़्तों तक चले विनाशकारी संघर्ष के बाद अब पूरी दुनिया...