औरैया
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ के बाद सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा। अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी सरकार अपने राजनीतिक लाभ और अपनी इमेज चमकाने के लिए कार्यक्रमों का आयोजन करती है। उन्होंने कहा कि यह डबल इंजन सरकार नहीं बल्कि डबल ब्लंडर वाली सरकार है। उन्होंने कहा कि कुंभ आयोजन को लेकर दावा किया था कि 100 करोड़ लोगों की व्यवस्था है, लेकिन 60 करोड़ लोगों के स्नान पर व्यवस्था कैसे चरमरा गई।
दरअसल, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कानपुर से इटावा जाते समय औरैया पहुंचे। जहां सैकड़ों की संख्या मौजूद कार्यकर्ताओं ने सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का स्वागत किया। अखिलेश यादव ने महाकुंभ को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा। कहा कि यह बीजेपी का आयोजन करने का तरीका है। अभी तक लोगों की जान सड़कों पर जा रही थी, महाकुंभ में हुई भगदड़ में जान गई और जो खो गए वो अभी तक मिले नहीं हैं। अब तो नई दिल्ली स्टेशन पर रेलवे की लापरवाही के कारण लोगों की जान चली गई।
महाकुंभ में मरने वालों का आंकड़ा अभी तक नहीं बताया
अखिलेश ने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि करोड़ का इंतजाम कहने वाले लोग अपने आपको चमका रहे है। राजनीतिकरण कर राजनीतिक लाभ ले रहे हैं। प्रचार इतना कर दिया कि इससे पहले कुंभ का आयोजन हुआ ही नहीं है और अगर हम कोई कमी बताए तो इसे आलोचना बताते है। नहाने वालो की संख्या तो सरकार बता रही है, लेकिन योगी सरकार अब तक मरने वालो का आंकड़ा क्यों नहीं बता पा रही है।
