नई दिल्ली,
अमेरिका का एक सैन्य विमान 112 भारतीयों के साथ रविवार रात अमृतसर हवाई अड्डे पर उतरा। यह डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन की ओर से अवैध प्रवासियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई के तहत निर्वासित लोगों को लाने वाली तीसरी उड़ान है। सूत्रों ने बताया कि विमान रात 10:03 बजे हवाई अड्डे पर उतरा। उन्होंने बताया कि 112 निर्वासितों में से 44 हरियाणा से हैं, जबकि 33 गुजरात से, 31 पंजाब से, दो उत्तर प्रदेश से और एक-एक उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश से हैं। बताया गया है कि कुछ निर्वासितों के परिवार के सदस्य हवाई अड्डे पर पहुंचे हैं। आव्रजन, सत्यापन और पृष्ठभूमि जांच सहित सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद निर्वासितों को उनके घर जाने की अनुमति दी जाएगी। निर्वासितों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए परिवहन की व्यवस्था की गई है।
बीते दिनों 116 अवैध भारतीय अप्रवासियों को लेकर एक अन्य अमेरिकी विमान शनिवार देर रात अमृतसर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा था. सी-17 विमान रात 10 बजे के बजाय रात 11.35 बजे हवाई अड्डे पर उतरा था. पहले खबर आई थी कि इस दूसरे जत्थे में 119 अप्रवासी सवार होंगे, लेकिन यात्रियों की अपडेटेड लिस्ट के मुताबिक दूसरे जत्थे में निर्वासित लोगों की संख्या 116 थी.
अवैध प्रवासियों के दूसरे बैच में 65 पंजाब से थे, 33 हरियाणा से, आठ गुजरात से, दो-दो उत्तर प्रदेश, गोवा, महाराष्ट्र और राजस्थान से और एक-एक हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से थे. सूत्रों के अनुसार, इनमें से अधिकांश 18 से 30 वर्ष की आयु के थे.
खेत और मवेशी गिरवी रखकर परिवार ने भेजा था विदेश
5 फरवरी को, 104 अवैध भारतीय अप्रवासियों को लेकर एक अमेरिकी सैन्य विमान अमृतसर हवाई अड्डे पर उतरा था. इनमें से 33-33 हरियाणा और गुजरात से थे, जबकि 30 पंजाब से थे. विदेश भेजे गए अवैध भारतीय अप्रवासियों के दूसरे जत्थे के परिवार के सदस्य सदमे में थे, उनमें से कई ने दावा किया कि उन्होंने अपने खेत और मवेशी गिरवी रखकर पैसे जुटाए थे, ताकि उन्हें बेहतर भविष्य के लिए विदेश भेजा जा सके.
