अयोध्या
पिछले साल 22 जनवरी को राम लला अपने भव्य राम मंदिर में विराजमान हुए थे। राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को एक साल हो गया है। इन एक सालों में अयोध्या ने कई रिकॉर्ड बना डाले हैं। राम नगरी अयोध्या में रिकॉर्ड श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। चढ़ावे में राम मंदिर ने वैष्णो देवी और शिरडी साईं मंदिर को पीछे छोड़ दिया है। राम मंदिर श्रद्धालुओं की पहली पसंद बनता जा रहा है। अभी एक साल में राम मंदिर तीसरे स्थान पर पहुंच गया है।
राम मंदिर में इस समय रोजाना लाखों लोग राम लला के दर्शन को अयोध्या पहुंचे रहे हैं। राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा से अब तक अयोध्या में 13 करोड़ से ज्यादा लोग पहुंचे हैं। भारत के सबसे ज्यादा धनवान मंदिरों में पहले स्थान पर आंध्र प्रदेश का तिरुपति वेंकटेश्वर मंदिर हैं। यहां सालाना 1500 से 1650 करोड़ रुपये दान आता है। दूसरे नंबर पर केरल का पद्मनाभस्वामी मंदिर है। यहां 750 से 800 करोड़ रुपये सालाना है। इसके बाद तीसरे नंबर पर राम मंदिर है। यहां एक साल में 700 करोड़ रुपये चढ़ावा आया है।
जानिए शिरडी मंदिर की कितनी कमाई
चौथे नंबर पर पंजाब की राजधानी अमृतसर में स्थित स्वर्ण मंदिर है। यहां 650 करोड़ रुपये सालाना चढ़ावा आता है। पांचवें नंबर पर जम्मू-कश्मीर का वैष्णो देवी मंदिर है। यहां 600 करोड़ रुपये सालाना दान आता है। छठवें नंबर पर महाराष्ट्र का शिरडी साईं मंदिर है। यहां 500 करोड़ रुपये सालाना दान आता है। सातवें नंबर पर ओडिशा में स्थित जगन्नाथ मंदिर, पुरी है। यहां सालाना 400 करोड़ रुपये दान आता है। आठवें नंबर पर नई दिल्ली स्थित अक्षरधाम मंदिर है। यहां 200 से 250 करोड़ रुपये सालाना चढ़ावा आता है। नौवें नंबर पर गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर है। यहां 150 से 200 करोड़ रुपये दान आता है।
यूपी की अर्थव्यस्था को मजबूत कर रही अयोध्या
अयोध्या उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था में मजबूत करने के साथ देश की भी अर्थव्यवस्था को भी मजबूत कर रहा है। जहां अयोध्या में रोजगार बढ़ रहे हैं, तो वहीं होटल व्यवसाय और होम स्टे की कमाई में भी इजाफा हुआ है। होम स्टे की कमाई दो लाख रुपये तक महीना इस समय हो रही है। अयोध्या में 1100 से ज्यादा होम स्टे पंजीकृत हैं।
रेल, सड़क और हवाई मार्ग से बढ़ी पर्यटकों की संख्या
अयोध्या की कनेक्टिविटी बेहतर होने का फायदा राम नगरी को मिला है। वंदे भारत समेत अन्य ट्रेनें अयोध्या तक चलाई जा रही हैं। साथ ही सड़क मार्ग भी बेहतर होने के कारण इसका फायदा मिल रहा है। अयोध्या इंटरनेशनल एयरपोर्ट शुरू होने से भी लोगों को कम समय में अयोध्या पहुंचना हो रहा है।
