प्रतापगढ़
राजस्थान के प्रतापगढ़ में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने जब एक ट्रक को पकड़ कर तलाशी ली, तो वह भी हैरान हो गई। पुलिस ने 100 करोड़ रुपये की ब्राउन शुगर क्रूड को जब्त किया। यह ब्राउन शुगर डीजल टैंक के पार्टीशन में छुपा कर ले जाई जा रही थी। जिसको तस्करों ने खास तरीके से तैयार किया था। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। यह ब्राउन शुगर क्रूड मणिपुर से लाई गई थी। जिसका कुल वजन 20 किलो से अधिक है।
डीजल टैंक में छुपा रखी थी 100 करोड़ रुपये की ब्राउन शुगर
प्रतापगढ़ जिले के कोतवाली थाना पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस कार्रवाई से पहले पुलिस को मुखबिर के जरिए एक ट्रक से बड़ी मात्रा में ब्राउन शुगर क्रूड आने की सूचना मिली। इस पर पुलिस ने नाकाबंदी करवाई, जहां एक ट्रक की पुलिस ने रोक कर तलाशी ली तो पुलिस ने डीजल टैंक में ब्राउन शुगर क्रूड बरामद किया। इस ब्राउन शुगर को डीजल टैंक में पार्टीशन कर छिपाकर रखा गया था, जो पॉलिथीन की थैलियों में भरा हुआ था। पुलिस ने जब इसको निकाल कर देखा, तो वह भी हैरान रह गई।
मणिपुर से लाई गई थी ब्राउन शुगर
ट्रक के डीजल टैंक के एक पार्ट से पुलिस को 14 थैलियों में ब्राउन शुगर क्रूड बरामद हुआ। मादक पदार्थ की तस्करी के लिए अपनाई गई इस तरकीब को देखकर पुलिस भी हैरान थी। पुलिस को बरामद ब्राउन शुगर जिसका वजन 20 किलो 820 ग्राम है। इसकी बाजार कीमत 100 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने प्राथमिक पूछताछ में ब्राउन शुगर क्रूड मणिपुर से लाना बताया गया।
