मेरठ:
उत्तर प्रदेश में मेरठ के टीपीनगर थाना क्षेत्र में एक हिंदू युवक ने गैराज खोला तो तनाव की स्थिति बन गई। आरोप है कि मस्जिद के भीतर से मुस्लिम युवकों ने पथराव किया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गए। इस घटना के विरोध में भाजपा नेताओं ने धरना दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
मेरठ के टीपीनगर थाना क्षेत्र में फुटबॉल चौक के पास स्थित एक मस्जिद के आस-पास कई मुस्लिम समाज के लोगों के गैराज हैं। इसी स्थान पर दीपक नाम के हिंदू युवक ने भी कुछ दिन पहले अपना गैराज खोलने का निर्णय लिया। शुक्रवार को उसके गैराज का मुहूर्त था। दीपक के परिवार का आरोप है कि जैसे ही दोपहर में जुमे की नमाज खत्म हुई, मस्जिद से अचानक कई युवकों ने उनके गैराज पर पथराव कर दिया। इससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
भाजपा नेताओं ने किया धरना
घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा के महानगर अध्यक्ष सुरेश जैन ऋतुराज, कमलदत्त शर्मा, दलजीत सिंह समेत अन्य नेता और व्यापारी मौके पर पहुंच गए। भाजपा नेताओं ने हंगामा करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। आरोप है कि मस्जिद के भीतर से पथराव कर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया गया।नेताओं ने यह भी मांग की कि पथराव के लिए मस्जिद के मुतवल्ली (प्रबंधन समिति के प्रमुख) पर भी कार्रवाई की जाए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि पथराव करने वालों की पहचान की जा सके। इस घटना के बाद इलाके में तनाव बना हुआ है। पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही है।
