अहमदाबाद
मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस के बीच आईपीएल 2025 का हाईवोल्टेज मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में पहले बल्लेबाजी गुजरात की टीम ने की और बोर्ड पर 196 रन टांग दिए। जवाब में मुंबई की टीम बैटिंग करने आई तो उन्हें रोहित शर्मा ने कमाल की शुरुआत देने की कोशिश की। लेकिन उन्हें मोहम्मद सिराज ने ज्यादा देर तक टिकने ही नहीं दिया।
सिराज ने उड़ाए रोहित के डंडे
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में मोहम्मद सिराज ने रोहित शर्मा को शानदार गेंद पर आउट कर दिया। लगातार 2 चौके खाने के बाद सिराज ने जोरदार वापसी की और रोहित को बोल्ड कर दिया। 197 रनों का पीछा करते हुए, मुंबई इंडियंस को रोहित और रयान रिकेलटन से अच्छी शुरुआत की उम्मीद थी। लेकिन सिराज ने ज्यादा देर ऐसा नहीं होने दिया.
कमाल की गेंद पर किया आउट
सिराज ने गुजरात के लिए गेंदबाजी की शुरुआत की। दूसरी गेंद पर रोहित ने उन्हें मिड-ऑन बाउंड्री पर चौका मारा। फिर एक ढीली गेंद को रोहित ने फिर से चौके के लिए भेज दिया। सिराज पर दबाव था। लेकिन उन्होंने एक शानदार गेंद डाली। यह गेंद तेजी से अंदर आई और रोहित को चकमा दे गई। गेंद बल्ले और पैड के बीच से निकल गई। सिराज की ये गेंद सीधे मिडिल और ऑफ स्टंप पर जा लगी। रोहित शर्मा 4 गेंदों में 8 रन बनाकर आउट हो गए। इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ पहले मैच में भी रोहित बिना खाता खोले आउट हो गए थे। रोहित के आउट होने के बाद, उनके जोड़ीदार रिकेलटन को भी सिराज ने आउट कर दिया।
चैंपियंस ट्रॉफी से किया था ड्रॉप
मोहम्मद सिराज को चैंपियंस ट्रॉफी के लिए नहीं चुना गया था। रोहित ने सिराज को लेकर कहा था कि वो पुरानी गेंद से ज्यादा तगड़े नहीं नजर आते। रोहित ने कहा था कि सिराज की बात करें तो वह नई गेंद से अच्छा करता है, लेकिन गेंद पुरानी होने के बाद उनका प्रभाव कम हो जाता है। अब आईपीएल में सिराज ने शानदार वापसी की है।
