लखनऊ
उत्तर प्रदेश समेत पूरे देश में ईद का त्यौहार बड़े हर्षोल्लास और अमन-शांति के साथ मनाया गया है। राजधानी लखनऊ के ऐशबाग ईदगाह में प्रदेश की सबसे बड़ी ईद उल फित्र की नमाज अता की गई है। इसमें करीब पांच लाख से ज्यादा मुस्लिम शामिल हुए थे। इसके अलावा संभल, सहारनपुर, अयोध्या और आगरा समेत प्रदेश के सभी जिलों में ईद की नमाज सकुशल संपन्न हो गई है।
सभी जिलों में मस्जिद, ईदगाह समेत नमाज अदा की जाने वाली अन्य जगहों पर भारी मात्रा में पुलिस फोर्स तैनात की गई थी। इसको लेकर डीजीपी प्रशांत कुमार ने बताया कि प्रदेश में 31,500 से ज्यादा जगहों पर ईद की नमाज सकुशल अता की गई है। शाम में भी यह सतर्कता बरती जाएगी।
संभल में नमाजियों पर हुई पुष्प वर्षा
लखनऊ में ऐशबाग ईदगाह के अलावा टीले वाली मस्जिद समेत अन्य जगहों पर बड़ी संख्या में मुसलमान ईद की नमाज अता करने के लिए पहुंचे थे। नमाज के बाद अरबी में खुतबा अब्दुल हई रशीद फरगी महली ने दिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में औरतों ने भी ईदगाह पहुंचकर ईद की नमाज अदा की। महिलाओं की नमाज के लिए विशेष इंतिजाम किए गए थे। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस मौजूद थी। पुलिस ड्रोन और एआई की मदद से निगरानी रख रही थी।
इसके अलावा आगरा में ताजमहल परिसर में ईद-उल-फितर 2025 के मौके पर लोगों ने नमाज अदा की है। संभल में सईद अख्तर इसरायली ने धार्मिक सौहार्द की मिसाल पेश की है। उन्होंने ईद के मौके पर नमाजियों पर पुष्प वर्षा की। इस तरह प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी ईद की नमाज सकुशल संपन्न हुई।
पूरे प्रदेश में ईद की नमाज हुई: डीजीपी
यूपी डीजीपी प्रशांत कुमार ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में ईद-उल-फितर की नमाज शासन की ओर से दिए गए निर्देशों के क्रम में सकुशल संपन्न हुई है। लोगों ने धर्म गुरुओं के कहने और शासन के निर्देशों के अनुसार सार्वजनिक स्थानों पर नमाज नहीं पढ़ी है। शाम में भी यह सतर्कता बरती जाएगी। मैं इस अवसर पर सभी को ईद-उल-फितर की सभी को शुभकामनाएं देता हूं।
