पटना
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आई है। ब्लड शुगर बढ़ने के कारण उनकी स्थिति खराब हो गई, जिसके चलते डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली जाने की सलाह दी है। संभावना है कि वे जल्द ही दिल्ली रवाना होंगे। उनकी सेहत को लेकर परिवार, समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में चिंता का माहौल है।
डॉक्टरों की निगरानी में लालू यादव, पटना में चल रहा इलाज
लालू यादव बीते दो दिनों से ब्लड शुगर बढ़ने की समस्या से जूझ रहे थे। बुधवार सुबह उनकी तबीयत और बिगड़ गई, जिसके बाद डॉक्टरों की एक टीम पटना स्थित राबड़ी आवास पर उनकी निगरानी में लगी हुई है। चिकित्सकों के मुताबिक, उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है और जल्द ही उन्हें दिल्ली भेजा जा सकता है।
लालू यादव की हो चुकी हैं कई सर्जरी
लालू प्रसाद यादव का 2022 में सिंगापुर में किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था, जिसमें उनकी बेटी रोहिणी आचार्य ने उन्हें किडनी दान की थी। इसके बाद, सितंबर 2024 में मुंबई में उनकी एंजियोप्लास्टी की गई थी, जिसमें उन्हें एक स्टेंट लगाया गया था। इससे पहले 2014 में उनकी ओपन हार्ट सर्जरी भी हो चुकी है। उम्र बढ़ने के साथ उनकी सेहत से जुड़ी परेशानियां बढ़ रही हैं, हालांकि अब तक वे सक्रिय बने रहे हैं।
समर्थक कर रहे हैं जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना
खबरों के मुताबिक, लालू यादव को दिल्ली ले जाने की तैयारी की जा रही है ताकि उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके। डॉक्टर उनकी स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं। परिवार के साथ-साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता और समर्थक उनकी सेहत को लेकर चिंतित हैं।
