भोपाल। शहर में इंद्रपुरी-भवानीशाह क्षेत्र की सड़क चौड़ीकरण योजना के तहत प्रशासन द्वारा लेबर कॉलोनी की 55 दुकानों और 38 मकानों को हटाने की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। इस कार्रवाई के विरोध में स्थानीय लोगों, खासकर महिलाओं ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान महिलाएं हाथों में राशन कार्ड और पट्टे लेकर पहुंचीं और प्रशासन के फैसले का विरोध जताया। उनका कहना है कि यही उनके जीवन-यापन का एकमात्र सहारा है। यदि दुकानें हटाई गईं, तो उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा।
जानकारी के अनुसार, लोक निर्माण विभाग (PWD) की टीम सड़क चौड़ीकरण के लिए मौके पर पहुंची थी और अतिक्रमण चिन्हित करने की प्रक्रिया शुरू की गई। इसी दौरान स्थानीय लोग विरोध में उतर आए। स्थानीय निवासियों का कहना है कि करीब 15 साल पहले भी सड़क चौड़ीकरण हुआ था, लेकिन तब उन्हें नहीं हटाया गया। अब अचानक सख्त कार्रवाई क्यों की जा रही है, यह समझ से परे है।
Read Also: प्रशिक्षण से व्यक्तित्व का उत्कर्ष, राष्ट्र निर्माण की आधारशिला : राज्यमंत्री श्रीमती गौर
मामले में क्षेत्रीय पार्षद जीत राजपूत ने भी मौके पर पहुंचकर लोगों का समर्थन किया और प्रशासन की कार्रवाई का विरोध किया। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर वे जल्द ही कलेक्टर विक्रम सिंह से मुलाकात करेंगे। वहीं प्रशासन का तर्क है कि सड़क चौड़ीकरण के चलते यह कार्रवाई जरूरी है, हालांकि फिलहाल विस्थापन की कोई ठोस योजना नहीं बताई गई है।
